New Zealand vs South Africa: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका की टीम जीत की पटरी पर फटाफट दौड़ रही है. रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को बुरी तरह रौंदकर सुपर-8 स्टेज में अपनी सीट कन्फर्म कर ली. प्रोटियाज कप्तान एडन मार्करम ने 44 गेंदों पर 86 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया. मार्करम ने 195.45 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 4 छक्के लगाए. इसके साथ ही साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है.
न्यूजीलैंड को रौंदकर सुपर-8 में साउथ अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. मार्को यानसेन के सामने कीवी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और न्यूजीलैंड 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बना सका. इसके जवाब में एडन मार्करम ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और एक पल के लिए भी न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को हावी नहीं होने दिया. साउथ अफ्रीका ने 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया.