Tilak Varma: टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले की तारीख आ चुकी है. अब से 24 घंटे बाद कोलंबो के आर प्रेमदासा मैदान पर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला ग्रुप ए के तहत खेला जाना है. दोनों टीमें जीत हासिल करके सुपर 8 का टिकट कटाना चाहेंगी, क्योंकि अब तक पिछले दोनों मैच जीतकर आ रही हैं. यह मैच टीम इंडिया के मैच विनर तिलक वर्मा के लिए खास हो सकता है. वो विराट कोहली के जिस प्रचंड रिकॉर्ड के पीछे पड़े हैं, वो इस मैच के जरिए ब्रेक कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें एक-दो नहीं बल्कि पूरे 5 छक्के लगाने होंगे.
ये वही तिलक वर्मा हैं, जो एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को गहरा जख्म दे चुके हैं. उन्होंने दबाव में 69 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी. ये पारी तब आई थी जब भारत ने 147 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 20 रनों पर 3 बड़े विकेट खो दिए थे. यहां से तिलक ने मोर्चा संभालते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई थी और नाबाद 69 रन ठोके थे. अब एक बार फिर वो पाकिस्तान के सामने एक दीवार की तरह खड़े होंगे. अब ये जान लेते हैं कि आखिर वो विराट का कौन सा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.
आखिर क्या है विराट का ये प्रचंड रिकॉर्ड?
5 छक्के लगाकर तिलक वर्मा के पास विराट कोहली का ये कीर्तिमान ध्वस्त करने का मौका है. वो पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है, जिसके बादशाह फिलहाल विराट हैं. उन्होंने पाक के खिलाफ 11 छक्के लगाए हैं, जबकि तिलक अब तक 7 सिक्स मार चुके हैं. अब 5 छक्के लगाते ही वो कोहली को पछाड़ देंगे. यह काम एक ही मैच में मुश्किल लगता है, लेकिन तिलक जैसे बल्लेबाजों के लिए इस कमाल को करने की आदत सी हो चुकी है.
तिलक या अभिषेक कौन करेगा पहले कमाल?
पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20आई छक्के लगाने की लिस्ट में विराट के बाद दूसरा नाम युवराज सिंह का है, जिन्होंने 8 मैचों में 9 सिक्स लगाए हैं. नंबर तीन पर तीन बैटर अभिषेक शर्मा, रोहित शर्मा और तिलक वर्मा का नाम है. देखना होगा कि अभिषेक पहले ये कमाल करते हैं या फिर तिलक? तिलक वर्मा टी20 विश्व कप के पहले दो मैचों में 50 रन बना चुके हैं. दोनों मैचों में 25-25 रन आए थे.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK का ‘महा-रविवार’… 15 फरवरी को एक नहीं बल्कि 2 बार आमने-सामने होंगे भारत-पाक, असली दंगल के लिए रहें तैयार