महाकाल जा रहे कोटा के 6 नर्सिंग छात्र घायल: सालिया खेड़ी में बेकाबू कार प्रतीक्षालय में घुसी; सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया – Agar Malwa News

महाकाल जा रहे कोटा के 6 नर्सिंग छात्र घायल:  सालिया खेड़ी में बेकाबू कार प्रतीक्षालय में घुसी; सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया – Agar Malwa News




आगर मालवा के सोयत कला के पास ग्राम सालिया खेड़ी में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसी। हादसे में कोटा के छह नर्सिंग छात्र घायल हो गए, जो उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, कार (क्रमांक RJ 08 CB 0512) कोटा की ओर से आ रही थी। कार में दो युवतियां और चार युवक सहित कुल छह लोग सवार थे। ये सभी राजस्थान के केशवराय पाटन (कोटा) क्षेत्र के निवासी और मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग छात्र थे। पैरामेडिकल स्टाफ सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया घायलों में केना (22 वर्ष), दीपक (25 वर्ष), दीक्षा (20 वर्ष), सोनू (20 वर्ष) और मोनू (20 वर्ष) शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पैरामेडिकल स्टाफ अशोक दांगी और पायलट बजरंग दांगी ने सभी घायलों को सोयत कला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. मुकेश जाट ने घायलों का प्राथमिक इलाज किया। घायलों में केना (22) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद झालावाड़ रेफर कर दिया गया है। कार में एयरबैग खुल जाने से एक बड़ा हादसा टला प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और यात्री प्रतीक्षालय दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, कार में एयरबैग खुल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी सवारों की जान बच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Source link