सीधी में ऑटो पलटा, 12 यात्री घायल: ट्रक से बचने के प्रयास में हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर – Sidhi News

सीधी में ऑटो पलटा, 12 यात्री घायल:  ट्रक से बचने के प्रयास में हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर – Sidhi News




सीधी जिले में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। हनुमानगढ़ से जोबा जा रहा एक ऑटो पड़रा बाईपास पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे हुए इस हादसे का कारण एक ट्रक से बचने का प्रयास था। ऑटो चालक ने ट्रक से बचने के लिए वाहन को पटरी के नीचे उतारा, जहां वह सड़क किनारे पड़े एक पत्थर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। ऑटो में सवार सभी 12 यात्री ग्राम हनुमानगढ़ के निवासी थे और जोबा के पास स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। घायलों में सीमा गोस्वामी, प्रिया गोस्वामी, कुसुम कली, प्रेमवती, राजकुमारी, सुधा, भगवानदीन, रेशमी, अनुष्का गोस्वामी, कीर्ति गोस्वामी सहित दो अन्य शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सीधी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में डॉ. विनोद और डॉ. आकाश ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा ऑटो के अनियंत्रित होने के कारण हुआ है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और उस ट्रक की पहचान सहित अन्य सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



Source link