India vs Pakistan: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच रोमांचक होगा, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान को अच्छा खेलना पड़ेगा. बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला आज यानी रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक 8 मैच खेले गए हैं. इन 8 मुकाबलों में से 7 मैच भारत ने और 1 मैच पाकिस्तान ने जीता है.
‘सुपरहिट’ मुकाबले से पहले गांगुली ने कही दिल की बात
सौरव गांगुली ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘मैं पाकिस्तान के भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलने के फैसले से हैरान था. आप टी20 वर्ल्ड कप में जीतने के लिए खेलते हैं, नहीं खेलने का फैसला कैसे कर सकते हैं. भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार के फैसले को वापस लेने का उनका निर्णय अच्छा है. यह उनके लिए और टूर्नामेंट के लिए अच्छा है.’
यह टी20 वर्ल्ड कप अब तक बेहतरीन रहा
सौरव गांगुली ने कहा, ‘यह टी20 वर्ल्ड कप अब तक बेहतरीन रहा है. सभी टीमों ने एक दूसरे को जोरदार टक्कर दी है. एसोसिएट देशों ने शानदार प्रदर्शन किया है. टी20 वर्ल्ड कप भारत में हो रहा है. भारत में क्रिकेट मैचों का आयोजन हमेशा ही शानदार होता है. टी20 वर्ल्ड कप अब तक बेहतरीन रहा है, और आगे भी उम्मीद है कि ऐसा ही रहेगा.’
भारत जीतेगा या पाकिस्तान?
भारत-पाकिस्तान मैच पर गांगुली ने कहा, ‘भारत ने पाकिस्तान पर अपना दबदबा बनाया है. मैच नया है, लेकिन भारतीय टीम बहुत मजबूत है. मैच रोमांचक होगा, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान को अच्छा खेलना होगा.’ इससे पहले बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने और आईसीसी द्वारा स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में लाने के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था. आईसीसी की मध्यस्थता के बाद पाकिस्तान भारत के साथ खेलने को तैयार है.
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का शानदार रिकॉर्ड
भारत-पाकिस्तान मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहती है. इसलिए भारत-पाकिस्तान मैच से संशय हटने के बाद फैंस मैच शुरू होने का इंतजार बेसब्री से कर रहे हैं. टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की बात करें तो दोनों देशों के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं. भारतीय टीम ने 7 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 1 मैच में जीत मिली है. ओवरऑल टी20 में भारत और पाकिस्तान 16 बार एक दूसरे के सामने आए हैं, भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि 3 मैच पाकिस्तान ने जीते हैं.