Last Updated:
महाशिवरात्रि पर्व पर मध्य प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. मंदिर में लोगों ने पूजा अर्चना की. लेकिन प्रदेश के सीधी जिले में महाशिवरात्रि के मौके पर ही एक पुजारी को धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया.
MP में शिवरात्रि के दिन ही पुजारी की हत्या से हड़कंप
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी से एक सनसनीखेज और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. सीधी जिले की कुसमी तहसील में मंदिर से लौट रहे एक पुजारी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना कुसमी थाना से महज 500 मीटर दूरी पर स्थित तहसील परिसर में हुई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. हत्या के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है.
पुजारी की मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी इन्द्रभान मंदिर से लौट रहे थे, तभी आरोपी लाला केवट ने उन पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले चलती बाइक पर पुजारी की गर्दन पर वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद आरोपी ने जमीन पर गिरे पुजारी पर कई बार धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है.
प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल
गौरतलब है कि इसी तहसील परिसर में पूर्व में तहसीलदार पर भी जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी. अब एक बार फिर तहसील परिसर में हुई इस घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है. घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस से तीखी नोकझोंक करते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की. लोगों का कहना है कि थाना नजदीक होने के बावजूद इस तरह की वारदात होना पुलिस व्यवस्था की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है.
ठोस कार्रवाई पर अड़े परिजन
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है लेकिन मृतिक परिजन आरोपी के खिलाफ ठोस कार्यवाही समेत दुकान मकान सील करने की मांग पर आड़े हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना के पीछे की वजहों का खुलासा किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.