IND vs PAK: इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. 15 तारीख को ग्रुप स्टेज में वो मुकाबला हुआ, जिसका फैंस इस एडिशन के पहले दिन से इंतजार था. ये मुकाबला था भारत और पाकिस्तान का, जिसमें टीम इंडिया ने 61 रनों से पाकिस्तान को मात दी. यह टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 9 मैचों में से 8वीं जीत रही. जीत के हीरो बाएं हाथ के ओपनर ईशान किशन रहे, जिन्होंने 40 बॉल पर 10 चौके और 3 छक्के उड़ाकर 77 रन ठोके.
ईशान की इस तूफानी पारी की चर्चा हर तरफ है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पाकिस्तान के लिए ईशान किशन तो सिर्फ ट्रेलर रहे, जिनकी पूरी पिक्चर आना अभी बाकी है. वो भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ और खतरनाक पारियां खेल सकते हैं, लेकिन कोलंबो में असली फिल्म उस खिलाड़ी ने दिखाई, जो पिछले 10 साल से पाकिस्तान के लिए काल बना हुआ है. आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में एक बार फिर वो पाकिस्तान के लिए खतरा साबित हुआ.
ये कोई और नहीं बल्कि दाएं हाथ के तूफानी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या हैं, जिन्होंने गेंद से कमाल दिखाया. उन्होंने 2 विकेट निकाले और पाकिस्तान के खिलाफ ICC टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा विकेट लेकर इतिहास रच दिया. पांड्या ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें सिर्फ छक्के लगाने ही नहीं, बल्कि बड़े मैचों में विकेट निकालना भी आता है. ICC टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान के खिलाफ 17 विकेट लेकर वह इस लिस्ट में नंबर 1 पर पहुंच चुके हैं.
पिछले 10 साल से काल बने हुए हैं हार्दिक
हार्दिक पांड्या पिछले 10 साल से पाकिस्तान के लिए गेंद से सबसे बड़ा खतरा बने हुए हैं. 2016 से लेकर अब तक पाक के खिलाफ जब-जब हार्दिक मैदान पर उतरे, तब-तब उन्होंने अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया. हार्दिक ना सिर्फ रन कम खर्चते हैं, बल्कि विकेट निकालने में सबसे आगे हैं. पाक के खिलाफ ICC टूर्नामेंट में अगर किसी गेंदबाज ने सबसे ज्यादा विकेट निकाले हैं, तो हार्दिक ही हैं. फिर मिचेल स्टार्क का नाम आता है.
ICC टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट
17- हार्दिक पांड्या
11- मिचेल स्टार्क
10- रविंद्र जडेजा
10- आशीष नेहरा
9- इरफान पठान
9- कर्टनी वॉल्श
8- जसप्रीत बुमराह
8- कुलदीप यादव
कोलंबो में चमके हार्दिक
15 फरवरी की शाम कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुए मुकाबले में हार्दिक का जलवा दिखा. वो भले ही बैटिंग में खाता नहीं खोल पाए और शून्य पर आउट हो गए, लेकिन गेंद से उन्होंने मैच का रुख बदल दिया. अपने 3 ओवरों में 16 रन देकर 2 बड़े विकेट झटके और पाकिस्तान की कमर तोड़ दी. हार्दिक टीम इंडिया के लिए पहला ओवर लेकर आए और पहले ही ओवर में पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान को चलता किया. पहले ओवर की चौथी बॉल पर उन्होंने भारत को पहली सफलता दिलाई. फिर उस्मान तारिक को आउट करके पाकिस्तान की पारी 114 रनों पर खत्म कर दी.
T20I में पाक के खिलाफ पांड्या के आंकड़े
हार्दिक पांड्या ने 2016 में डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक वो पाकिस्तान के खिलाफ 10 मैचों की 9 पारियों में 30.3 ओवर डाल चुके हैं. इस दौरान 13.83 की शानदार औसत और 7.70 की इकॉनमी से 17 शिकार किए हैं. वो एक मेडन ओवर भी निकाल चुके हैं. वहीं बल्ले से कुल 98 रन बनाए हैं. उनका औसत 16.33 जबकि स्ट्राइक रेट 113.95 का है. हार्दिक को इस टीम के खिलाफ ज्यादा बैटिंग नहीं मिली. जब भी मौके आए, तो उन्हें निचले क्रम में कुछ ही बॉल खेलने मिली हैं.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup Super 8: घबराने की जरूरत नहीं! भारत से हार के बाद भी सुपर-8 में जा सकता है PAK, बस करना होगा ये एक काम…