T20 World Cup 2026: भारत ने रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 175 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई. भारत के हाथों पाकिस्तान की करारी हार के बाद पाकिस्तानी दर्शक बेहद निराश और नाराज नजर आए. पाकिस्तान की करारी हार के बाद उसका एक फैन रोने लगा और अपनी ही टीम पर भड़क गया.
रोते हुए निकाली दिल की भड़ास
मैच के बाद एक पाकिस्तानी फैन भावुक हो गया और रोते हुए कहा, ‘मैच बहुत निराशाजनक रहा. दुबई में एशिया कप के दौरान भी हम तीनों मैच हार गए थे और यहां भी हार गए. कम से कम पाकिस्तान को मुकाबला तो करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने वैसी लड़ाई नहीं दिखाई. अगर फाइट करके हारते तो इतना दुख नहीं होता. तकलीफ हो रही है, लेकिन जीतें या हारें, मुझे अपनी टीम से लगाव है. बड़ी उम्मीदों के साथ आता हूं, मगर हर बार निराशा ही मिलती है.’
(@cricketplusmem_) February 15, 2026
(@Hdhsowwnwnwm) February 15, 2026
(@ians_india) February 15, 2026
भारत का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा
वहीं, एक अन्य दर्शक ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की. उसने कहा, ‘भारत का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा. सभी खिलाड़ी पूरे जोश और आत्मविश्वास में नजर आए. मुझे लगता है कि भारत ही इस बार वर्ल्ड कप जीतेगा. अगला मैच और भी रोमांचक होने वाला है.’ एक अन्य फैन ने कहा कि उन्हें पहले से भरोसा था कि भारत ही जीतेगा और मुकाबला एकतरफा साबित हुआ. एक भारतीय फैन ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, ‘मैं बहुत एक्साइटेड हूं. टीम इंडिया यह मैच किसी भी कीमत पर जीतने वाली थी. मुझे पूरी उम्मीद थी कि टीम शानदार जीत दर्ज करेगी.’
टीम इंडिया ने ‘सुपर-8’ में जगह बना ली
बता दें कि भारत ने रविवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 61 रन से शानदार जीत दर्ज की. इसी के साथ टीम इंडिया ने ‘सुपर-8’ में जगह बना ली है. ताबड़तोड़ 77 रन की पारी खेलने वाले ईशान किशन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. ऐतिहासिक जीत के बाद ईशान किशन ने कहा, ‘भारत बनाम पाकिस्तान का मैच हमेशा खास होता है, सिर्फ हमारे लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए. पाकिस्तान के खिलाफ जीत हमें जबरदस्त आत्मविश्वास देगी और हम इसी मोमेंटम को आगे जारी रखना चाहेंगे.’