Pakistan Cricket Team: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया है. टूर्नामेंट के बीच टीम में बड़े बदलाव की उम्मीद है. लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और पाक के ‘सो कॉल्ड’ प्रीमियम गेंदबाज शाहीन अफरीदी पर गाज गिरना तय है. रिपोर्ट की मानें तो ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में ये दोनों खिलाड़ी बेंच पर बैठने वाले हैं.
रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंद दिया. बाबर आजम का बल्ला फिर खामोश रहा, वहीं शाहीन अफरीदी विकेट को तरसे और साथ ही अपने दो ओवरों में 31 रन लुटा दिए. इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हाहाकार मच गई है.
बाबर-शाहीन पर गिरेगी गाज?
वैसे तो भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की पूरी टीम फिसड्डी साबित हुई. गेंदबाजी में सईम अयूब और उस्मान तारिक ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बल्लेबाजी में बंटाधार हो गया. भारत के 175 रनों के जवाब में पाक टीम 114 रनों पर ढेर हो गई. पाकिस्तान टीम प्रबंधन के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि कोलंबो में भारत के खिलाफ खेले गए अहम मैच में बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी के खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान उन्हें नामीबिया के खिलाफ होने वाले अगले टी20 विश्व कप मैच से बाहर करने जा रहा है.
टीम प्रबंधन के सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने भारत के हाथों 61 रनों की हार में टीम के प्रदर्शन पर टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा से अपनी नाराजगी व्यक्त की है. सूत्रों के अनुसार, मुख्य कोच माइक हेसन ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से बात की और उन्हें बताया कि उन्होंने अपनी पूरी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं किया है.
पाकिस्तान का अगला मुकाबला नामीबिया से होगा
भारत से हार के बाद पाकिस्तान पर बहुत ज्यादा दबाव है. उनपर टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने का खतरा भी मंडराने लगा है. अगर नामीबिया टीम उलटफेर करने में कामयाब होती है तो पाकिस्तान का पैकअप हो सकता है. सूत्रों के अनुसार, यदि ये बदलाव सफल साबित होते हैं, तो बाबर और शाहीन का विश्व कप सीजन खत्म हो जाएगा क्योंकि प्रबंधन मध्य क्रम में युवा ख्वाजा नफे को भी आजमाने के लिए उत्सुक है.
बता दें कि भारत के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान के नेट रन रेट पर भी असर पड़ा है. वो फिलहाल पॉइंट्स टेबल पर यूएसए से भी पीछे हैं. यही वजह है कि पाक मैनेजमेंट अगले मैच को हल्के में नहीं लेना चाहती है और अपने बेस्ट खिलाड़ियों को मौका देने के बारे में सोच रही है.