‘भारत के सामने पाकिस्तान बेहद कमजोर’, सौरव गांगुली ने हार के बाद ‘टीम ग्रीन’ पर बोला हमला, जले पर छिड़का नमक

‘भारत के सामने पाकिस्तान बेहद कमजोर’, सौरव गांगुली ने हार के बाद ‘टीम ग्रीन’ पर बोला हमला, जले पर छिड़का नमक


T20 World Cup 2026: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने पाकिस्तान की करारी हार के बाद उस पर जमकर हमला बोला है. सौरव गांगुली ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान मैच को बड़ा बताना गलत है. पाकिस्तान की टीम भारत के सामने बेहद कमजोर है. पिछले कई वर्षों से मैच का परिणाम भारत के पक्ष में रहा है.

सौरव गांगुली ने पाकिस्तान पर बोला हमला

सौरव गांगुली ने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच बहुत अंतर है. भारतीय टीम बहुत तगड़ी है. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग हर क्षेत्र में टीम इंडिया पाकिस्तान से बहुत मजबूत है. टीम का अनुशासन भी अच्छा है. भारत-पाकिस्तान के बीच मैच अब बड़ा मैच नहीं रहा. इसे बड़ा बताना अब सही नहीं है.’

Add Zee News as a Preferred Source


भारत-पाकिस्तान मैच में पहले वाली बात नहीं रही

सौरव गांगुली ने कहा, ‘जावेद मियांदाद, सईद अनवर, वसीम अकरम और इंजमाम उल हक के जमाने में पाकिस्तान टीम मजबूत थी और उस समय मैच टक्कर वाले होते थे. अब भारत-पाकिस्तान मैच में पहले वाली बात नहीं रही. मेरे हिसाब से मौजूदा समय में भारत-पाकिस्तान नहीं, बल्कि भारत-ऑस्ट्रेलिया, भारत-दक्षिण अफ्रीका और भारत-इंग्लैंड के मैच बड़े मैच हैं.’

पाकिस्तान का फाइनल में पहुंचना मुश्किल

भारत-पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में एक बार फिर से आमने-सामने होने की संभावना पर गांगुली ने कहा कि क्रिकेट में कुछ भी संभव है, लेकिन पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को देखते हुए उसका फाइनल में पहुंचना मुश्किल है. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में गांगुली ने ईशान किशन और शिवम दुबे की बल्लेबाजी की तारीफ की. गेंदबाजों की तारीफ करते हुए उन्होंने सभी के योगदान की तारीफ की.

पाकिस्तान को मिली करारी हार

मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. भारतीय टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के 40 गेंदों पर बनाए गए विस्फोटक 77 रन, सूर्यकुमार यादव के 32, शिवम दुबे के 27, और तिलक वर्मा के 25 रन की मदद से 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे. पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई. हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिए. ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच रहे.



Source link