Last Updated:
T20 World Cup 2026: भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ विजयी साबित हुई. इसके बाद मध्य प्रदेश के शाजापुर के क्रिकेट फैंस ने जीत का जमकर जश्न मनाया और बाइक रैली भी निकाली.
क्रिकेट फैंस ने निकाली बाइक रैली
Shajapur Cricket Fans: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार अंदाज में पाकिस्तानी टीम को 61 रनों से हरा दिया. भारत के सामने पाकिस्तानी टीम बुरी तरह से फ्लॉप रही और अच्छा नहीं कर पाई. इसी वजह से टीम को करारी हार का मुंह देखना पड़ा. भारत की जीत का जश्न पूरे देश में मनाया गया. वहीं मध्य प्रदेश के शाजापुर में भी क्रिकेट प्रेमियों ने बाइक रैली निकाली.
भारत की धमाकेदार जीत के बाद मध्य प्रदेश के शाजापुर में भी क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया. हाथों में तिरंगा लेकर शहर में बाइक रैली रैली निकाली गई. इसके अलावा आतिशबाजी के साथ नारेबाजी हुई और जमकर भारत माता की जय के नारे लगाए गए. फैंस के चेहरे पर एक अलग ही खुशी दिखाई दे रही है.
शहर के कई इलाकों में जश्न का माहौल दिखा. कोई अनहोनी ना हो जाए. इसी वजह से एहतियातन भारी पुलिस बल भी तैनात रहा. रैली में क्रिकेट फैंस के साथ पुलिस वाले भी बाइक से चले. भारत और पाकिस्तान के बीच मैच से पहले भी शाजापुर में क्रिकेट फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था. लोगों ने टीम इंडिया की जीत को लेकर पूजा अर्चना की गई थी.
ईशान किशन ने खेली दमदार पारी
भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद भारत ने ईशान किशन के दमदार अर्धशतक की बदौलत 175 रनों का स्कोर खड़ा किया. उन्होंने 40 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली. उनके अलावा सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने भी कई अच्छे स्ट्रोक लगाए.
फ्लॉप रहे पाकिस्तानी बल्लेबाज
बाद में भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तानी टीम अच्छा नहीं कर पाई और बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई. टीम के लिए उस्मान खान ने जरूर 44 रन बनाए, लेकिन बाकी की टीम अच्छा नहीं कर पाई. कप्तान सलमान अली आगा और बाबर आजम जैसे खिलाड़ी बेअसर साबित हुए. अच्छे खेल के लिए ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. इस जीत के बाद भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड में एंट्री मार ली है.