छिंदवाड़ा में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार दोपहर परासिया नगर पालिका परिषद में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने यहां पदस्थ लिपिक एस. शर्मा को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक सफाई कर्मचारी से फंड रिलीज कराने के एवज में कुल 25 हजार रुपए की मांग की थी। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका में सफाई कर्मचारी लाल जी ने लोकायुक्त में शिकायत की थी। उसने बताया कि लिपिक एस. शर्मा फंड जारी करने के बदले 25 हजार रुपए मांग रहा है। सौदा तय होने पर आरोपी पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था। शेष 5 हजार रुपए लेते समय मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने उसे ट्रैप कर रंगे हाथों धर दबोचा। शिक्षक से बना था बाबू बताया जा रहा है कि आरोपी एस. शर्मा मूल रूप से शिक्षक है, लेकिन वह नगर पालिका में बाबू (लिपिक) का काम देख रहा था। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया। शिकायत का कराया था सत्यापन लोकायुक्त ने शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया था। पुष्टि होने पर टीम ने जाल बिछाया और योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।
Source link