“भाई, ये तो फाइव स्टार चाट है!” खंडवा की ‘VVIP Chaat’ जिसका 95 सालों में चुटकी भर भी नहीं बदला स्वाद

“भाई, ये तो फाइव स्टार चाट है!” खंडवा की ‘VVIP Chaat’ जिसका 95 सालों में चुटकी भर भी नहीं बदला स्वाद


Khandwa VVIP Chaat: खंडवा में अगर किसी से पूछ लो कि सबसे टेस्टी चाट कहां मिलती है, तो ज़्यादातर लोग बिना सोचे एक ही नाम लेते हैं डिलक्स चाट हाउस. शहर के मुख्य बाजार में घंटाघर के पास, मंदिर के पीछे लगने वाला ये ठेला कोई आम चाट की दुकान नहीं है. लोग इसे प्यार से ‘VVIP चाट’ भी कहते हैं. करीब 95 साल से यहां वही पुराना स्वाद परोसा जा रहा है. सोचिए, 1930 में शुरू हुई दुकान आज भी उतनी ही भीड़ खींच रही है जितनी पहले खींचती थी.

तीन पीढ़ियां बदलीं, लेकिन स्वाद वही रहा
डिलक्स चाट हाउस की शुरुआत दादा-परदादा ने की थी. फिर उनके बेटे ने इसे संभाला और अब तीसरी पीढ़ी के अभिनव जैन इसे चला रहे हैं. अभिनव बताते हैं कि उन्हें खुद इस ठेले को संभालते हुए करीब 20 साल हो गए हैं. वे कहते हैं कि हमने कभी क्वालिटी से समझौता नहीं किया. स्वाद वही रखा, जो हमारे बुजुर्ग बनाकर गए थे. यही वजह है कि यहां आने वाले कई ग्राहक ऐसे हैं जो बचपन में अपने दादा के साथ चाट खाने आते थे और अब अपने बच्चों को लेकर आते हैं.

समोसा चाट पहचान बनी, भीड़ यहीं से शुरू
यहां की सबसे फेमस डिश है समोसा चाट. बाहर से करारा, अंदर से मसालेदार समोसा, ऊपर से मीठी और तीखी चटनी बस पहला कौर लेते ही मजा आ जाता है.इसके अलावा कचौरी चाट, आलू चाट, दही बड़ा और पानी पतासे भी खूब पसंद किए जाते हैं. खासकर दही बड़ा नरम, मुलायम और ऊपर से डाला गया स्पेशल मसाला इसे अलग ही लेवल पर ले जाता है.

स्पेशल चटनी और सीक्रेट मसाले
अभिनव जैन बताते हैं कि उनकी चाट का असली राज है उनकी स्पेशल चटनी और सीक्रेट मसाले. ये मसाले उनके परिवार की विरासत हैं और आज भी घर पर ही तैयार होते हैं. रेसिपी आज तक परिवार से बाहर नहीं गई. शायद यही कारण है कि यहां की चाट का स्वाद कहीं और नहीं मिलता.

ठेला है, लेकिन फीलिंग फाइव स्टार वाली
आज के समय में जहां लोग बड़ी-बड़ी दुकानों और कैफे की तरफ भागते हैं, वहीं ये दुकान आज भी ठेले पर लगती है. लेकिन स्वाद ऐसा कि लोग मजाक में कहते हैं कि “भाई, ये तो फाइव स्टार चाट है!” शाम होते ही यहां लाइन लग जाती है. बच्चे, युवा, बुजुर्ग हर कोई अपनी बारी का इंतजार करता नजर आता है.

क्यों है आज भी पहली पसंद?
क्योंकि यहां सिर्फ चाट नहीं मिलती, भरोसा मिलता है. पीढ़ियां बदल गईं, लेकिन स्वाद नहीं बदला. यही वजह है कि डिलक्स चाट हाउस आज भी खंडवा की शान बना हुआ है. अगर आप कभी खंडवा जाएं और चाट न खाएं, तो समझिए कुछ मिस कर दिया.



Source link