Last Updated:
Chhatarpur News: वायरल वीडियो में लड़कियां कह रही हैं कि वे दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शहर के ही रहने वाले चचेरे भाइयों से शादी कर ली है. उन्होंने साफ किया कि वे किसी प्रकार के दबाव में नहीं हैं और अपने-अपने पतियों के साथ सुरक्षित हैं.
दोनों मुस्लिम बहनों ने हिंदू लड़कों से शादी कर ली है. (सांकेतिक तस्वीर)
रिपोर्ट- एनएस परमार, छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर के नौगांव में करीब एक हफ्ते से लापता दो मुस्लिम चचेरी बहनों के मामले में नया मोड़ आ गया है. दोनों युवतियों ने अपने-अपने हिंदू पतियों के साथ वीडियो जारी कर शादी करने की बात स्वीकार की है. वायरल वीडियो में उन्होंने खुद को बालिग बताते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं. दरअसल 9 फरवरी को दोनों युवतियां बैंक से पैसे निकालने के लिए घर से निकली थीं लेकिन वापस नहीं लौटीं. परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. परिवार ने शिकायत में दोनों को नाबालिग बताते हुए अपहरण की आशंका जताई थी. मामले में पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर एक धर्म विशेष की महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया.
वायरल वीडियो में दोनों युवतियां कह रही हैं कि वे बालिग हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से नगर के ही दो चचेरे भाइयों से विवाह किया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी प्रकार के दबाव में नहीं हैं और अपने पतियों के साथ सुरक्षित हैं. साथ ही उन्होंने मायके पक्ष से अपील की है कि उनके ससुराल वालों को परेशान न किया जाए. वीडियो में यह भी कहा गया कि यदि उनके ससुराल पक्ष को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जिम्मेदारी मायके पक्ष की होगी.
दोनों बहनों ने अपनी मर्जी से किया विवाह
नौगांव निवासी अलीना राइन और सलीना राइन ने सनातन धर्म अपनाकर अपनी मर्जी से विवाह किया है. उनका कहना है कि दोनों को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, इसलिए पुलिस उन्हें सुरक्षा प्रदान करे. दोनों मुस्लिम चचेरी बहनों ने दो हिंदू चचेरे भाइयों से शादी की है. अलीना ने हेमंत जोशी और सलीना ने प्रशांत जोशी के साथ विवाह किया है और वे आगे का जीवन उनके साथ बिताना चाहती हैं. इस मामले में पुलिस का कहना है कि गायब दोनों बहनें पुलिस के सामने बयान दर्ज करवाएं.
लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास
टीआई वाल्मीकी चौबे ने कहा कि करीब एक हफ्ते पहले दो बालिग लड़कियों की गुमशुदगी की तहरीर मिली थी. तुरंत मुकदमा कायम किया गया था. उनकी तलाश की जा रही थी कि अब दो वीडियो मिले हैं, जिनमें लड़कियां कह रही हैं कि वे दोनों बालिग हैं और हिंदू लड़कों से शादी कर ली है और उन्हीं के साथ रहना चाहती हैं. लड़कियों ने सिंदूर लगाया है और मंगलसूत्र पहना है. इस संबंध में जांच की जा रही है. उनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है. उनका बयान दर्ज होने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.