Rohit Sharma Hugs Wasim Akram: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी टीम इंडिया ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया. भारत के इस फैसले की जहां एक तरफ तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम से हाथ भी मिला रहे हैं और लगे भी लग रहे हैं. इस वीडियो को देखकर फैंस तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. ज्यादातर लोग हिटमैन से नाराज हैं.
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान रोहित शर्मा कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मौजूद थे. अहम मुकाबले से पहले हिटमैन ने भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात भी की और उनका मनोबल बढ़ाया. यहां तक तो ठीक था, लेकिन इसी दौरान वो पूर्व पाक क्रिकेटर वसीम अकरम से मिले और उन्हें गले लगाया.
रोहित शर्मा ने वसीम अकरम को गले लगाया
एक तरफ जहां टीम इंडिया पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हैंडशेक नहीं करने पर अटल है, वहीं दूसरी ओर रोहित शर्मा को वसीम अकरम से गले मिलते देखकर फैंस हैरान हैं. इस वीडियो पर फैंस का गुस्सा फूटा है और वो इस दोहरे रवैये को लेकर बीसीसीआई को भी खरी-खोटी सुना रहे हैं. बता दें कि रोहित शर्मा आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर हैं और ऐसे में वसीम अकरम से इस तरफ मिलना उनकी मजबूरी भी हो सकती है. खैर, वजह चाहे जो भी हो, सोशल मीडिया पर वो फैंस के निशाने पर आ गए हैं.
— Roshan Rai (@RoshanKrRaii) February 16, 2026
पाकिस्तान को हराकर सुपर-8 में पहुंचा भारत
रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदकर टीम इंडिया ने जीत की हैट्रिक लगाई और सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है. सूर्या एंड कंपनी ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड्स का सामना करेगी.
भारत-पाकिस्तान मैच का हाल
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए. ईशान किशन ने पाक गेंदबाजों पर काउंटर अटैक किया और धमाकेदार अंदाज में बैटिंग करते हुए 40 गेंदों पर 77 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव (32 रन), शिवम दुबे (27 रन) और तिलक वर्मा (25 रन) ने अच्छा योगदान दिया. भारत ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए. इसके जवाब में पाकिस्तान ने शुरुआत में ही घुटने टेक दिए. उन्होंने महज 34 रन पर 4 प्रमुख विकेट खो दिए. बाबर आजम, सलमान अली आगा, सईम अयूब और साहिबजादा फरहान सस्ते में पवेलियन लौट गए. भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट चटकाए. पाकिस्तान की टीम 114 रनों पर ढेर हो गई और भारत ने 61 रनों से मुकाबला जीतकर सुपर-8 में धमाकेदार एंट्री ली.
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया को चमत्कार की दरकार… जिम्बाब्वे की एक गलती से खुल जाएगा सुपर-8 का दरवाजा, समझें पूरा समीकरण