PGTI 72 The League: प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के पहले 72 द लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी नई दिल्ली में हुई. इसमें हनी बैसोया और युवा खिलाड़ी शुभम जगलान का बोलबाला देखने को मिला. 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर प्लैटिनम कैटेगरी में रखे गए 29 साल के बैसोया को कैपिटल लांसर्स ने 20.5 लाख रुपये में खरीदा. ऑक्शन में 7 अलग-अलग देशों के कुल 12 विदेशी प्रोफेशनल्स को चुना गया. पीजीटीआई और गेम ऑफ लाइफ स्पोर्ट्स (GOLS) द्वारा मिलकर लॉन्च किया गया 72 द लीग का पहला सीजन 21 फरवरी को शुरू होगा.
इन छह टीमों ने ऑक्शन में लिया भाग
ऑक्शन में कुल छह शहर-बेस्ड फ्रेंचाइजी थीं. इनमें से हर एक के पास 1 करोड़ रुपये का पर्स था और उनके पास दस प्रोफेशनल्स खिलाड़ियों की टीम चुनने का ऑप्शन था. ऑक्शन में शामिल छह टीमों- दिल्ली की कैपिटल लांसर्स, हैदराबाद की चारमीनार चैंपियंस, कोलकाता क्लासिक्स, मुंबई एसेस, राजस्थान रीगल्स और UP प्रोमेथियंस ने जमकर बोलियां लगाई.
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप से बाहर… डबल हार के बाद बारिश ने जख्मों पर ठोकी कील, सुपर-8 में जिम्बाब्वे
शुभम जगलान के लिए भिड़ीं टीमें
अर्जुन प्रसाद को यूपी प्रोमेथियंस ने 18 लाख रुपये में खरीदा. सबसे ज्यादा फायदा उभरते हुए टैलेंट शुभम जगलान को हुआ. उनके लिए सभी छह फ्रेंचाइजी के बीच जबरदस्त बोली लगी. सिल्वर कैटेगरी में 3 लाख रुपये के बेस प्राइस पर रखे गए जगलान को हैदराबाद की चारमीनार चैंपियंस ने 19 लाख रुपये में खरीदा, जो उनके बेस प्राइस से छह गुना ज्यादा था. चारमीनार चैंपियंस ने कैपिटल लांसर्स और मुंबई एसेस से कड़ी चुनौती का सामना किया, जिन्होंने लगातार 21 साल के इस खिलाड़ी के लिए दांव बढ़ाया.
कार्तिक पर मुंबई ने बरसाए पैसे
युवा कार्तिक सिंह भी उम्मीद के मुताबिक एक और हॉट प्रॉपर्टी थे. उन्हें कैपिटल लांसर्स और चारमीनार चैंपियंस के साथ कड़ी और लंबी बोली के बाद मुंबई एसेस ने 14.40 लाख रुपये में खरीदा. 16 साल के इस खिलाड़ी को सिल्वर कैटेगरी में 3 लाख रुपये के बेस प्राइस पर रखा गया था. वह आखिर में अपनी शुरुआती कीमत से करीब पांच गुना ज्यादा कीमत में बिके.
ये भी पढ़ें: रिकॉर्डतोड़ शतक जड़कर भी टूटा कनाडा के युवराज का दिल, ताजा हुआ क्रिस गेल का 19 साल पुराना जख्म; क्या है मामला?
झारेड हैक सबसे महंगे विदेशी
युवा खिलाड़ियों के अलावा नीलामी में अनुभवी भारतीय गोल्फर मुकेश कुमार को कोलकाता क्लासिक्स ने 7 लाख रुपये में खरीदा. अमेरिका के झारेड हैक 15.80 लाख रुपये के साथ विदेशियों में सबसे आगे रहे. नीलामी के बारे में बात करते हुए हनी बैसोया ने कहा, ”मैं बहुत उत्साहित हूं. मैंने अपने माता-पिता को फोन किया और उन्हें बताया कि मेरा नीलामी बहुत अच्छा रहा और वे बहुत उत्साहित थे.” हैदराबाद फ्रेंचाइजी द्वारा चुने गए शुभम जगलान ने कहा, ”मैं 72 द लीग के पहले सीजन में चारमीनार चैंपियंस को रिप्रेजेंट करने के लिए बहुत उत्साहित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं. मुझे पता है कि मनु गंडास हमारी टीम में होंगे, जिसके लिए मैं बहुत उत्साहित हूं.”