T20 World Cup 2026: भारत और नीदरलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है. टीम इंडिया ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 193 रन बनाए. नीदरलैंड के सामने अब इस मैच को जीतने के लिए 194 रनों का टारगेट है. भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में बाएं हाथ के 7 बल्लेबाज हैं, जिन्हें देखते हुए नीदरलैंड ने इस मैच से पहले एक प्लान बनाया था. नीदरलैंड के इस प्लान का कोई खास फायदा नहीं हुआ.
नीदरलैंड की प्लानिंग क्या थी?
नीदरलैंड ने एक अलग प्लानिंग थी, उन्हें अहमदाबाद में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच से पहले प्रैक्टिस के लिए एक लेफ्ट-हैंड बल्लेबाज की जरूरत थी. नीदरलैंड की टीम ने सोमवार को गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन से कॉन्टैक्ट किया था. नीदरलैंड के लाइन-अप में कोई लेफ्ट-हैंड बैटर नहीं है. जबकि उन्हें, भारतीय टीम से सामना करना था, जिसमें टॉप 7 लेफ्ट-हैंडर हैं. अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह जैसे प्लेयर्स सभी लेफ्ट-हैंडर हैं. इसलिए, नीदरलैंड टीम खुद को सबसे अच्छे तरीके से तैयार करना चाहती थी.
नीदरलैंड ने इस गुजराती को अपने खेमे में क्यों किया था शामिल?
गुजरात का डोमेस्टिक सीजन पहले ही खत्म हो चुका था और नॉकआउट से पहले उनका रणजी ट्रॉफी कैंपेन भी खत्म हो गया था. इतने कम समय में लेफ्ट-हैंड बैटर ढूंढना आसान नहीं था. तभी एसोसिएशन ने गुजरात के कैप्टन मनन हिंगराजिया से कॉन्टैक्ट किया. 27 साल के हिंगराजिया गुजरात कॉलेज ग्राउंड में अकेले प्रैक्टिस कर रहे थे, तभी उन्हें कॉल आया. उन्हें शाम 6 बजे तक नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचने के लिए कहा गया. पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि क्यों.
मनन हिंगराजिया स्टेडियम पहुंच गए
अपनी बैटिंग प्रैक्टिस पूरी करने के बाद मनन हिंगराजिया ट्रैफिक में से तेजी से निकलकर समय पर स्टेडियम पहुंच गए. वहां, उन्हें नीदरलैंड कैंप ले जाया गया और हेड कोच रयान कुक ने उनका स्वागत किया. थोड़ी देर बाद, उन्हें नीदरलैंड के बॉलर्स के खिलाफ स्ट्राइक लेने के लिए कहा गया, जिन्होंने अभी-अभी अपनी फिटनेस एक्टिविटीज पूरी की थीं.
पहली ही बॉल से अटैक शुरू कर दिया
मनन हिंगराजिया को साफ निर्देश दिया गया था. खुलकर बैटिंग करो और अपने सभी शॉट खेलो. बॉलर्स ने नई और पुरानी दोनों तरह की बॉल इस्तेमाल कीं. मनन हिंगराजिया ने पहली ही बॉल से अटैक शुरू कर दिया. उन्होंने तेज फ्लडलाइट्स में जोरदार सीधे शॉट खेले जो खाली स्टैंड्स में गए. बॉल इकट्ठा करने के लिए ग्राउंड के चारों ओर सिक्योरिटी वाले तैनात किए गए थे.