Last Updated:
Pathum Nissanka T20 World Cup: श्रीलंका के 27 वर्षीय ओपनर पथुम निसंका वर्ल्ड क्रिकेट में तहलका मचाने की तैयारी में हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 100 रन की पारी खेलकर निसंका टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले शतकवीर बने. सुपर-8 में पहुंच चुकी श्रीलंकाई टीम का ये बल्लेबाज अगर टूर्नामेंट में एक और सैकड़ा जमा देता है तो वो एक सीजन में दो शतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ है.
पथुम निसंका की नजर इतिहास रचने पर
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया की खूब किरकरी हो रही है. 2021 टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम मौजूदा टूर्नामेंट के सुपर-8 में भी जगह नहीं बना सकी. पहले जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी. ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि वह अगले मैच में श्रीलंका को हराकर सुपर-8 की ओर कदम बढ़ा देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पथुम निसंका ने शतक जड़कर कंगारुओं के जख्मों पर कील ठोकते हुए उन्हें धूल चटा दी. इस हार से ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट से बाहर होना 90 प्रतिशत तय हो गया. बचा काम बारिश ने कर दिया. जैसे ही आयरलैंड और जिम्बाब्वे का मुकाबला बारिश से रद्द हुआ, ऑस्ट्रेलिया की टीम टूर्नामेंट से आधिकारिक तौर पर बाहर हो गई. श्रीलंका के पथुम निसंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 100 रन की पारी खेली, जिससे वह इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए. अब 27 साल के इस बल्लेबाज की नजरें एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर हैं.
इतिहास रचने को तैयार निसंका
निसंका की नजर श्रीलंका को टी20 वर्ल्ड कप खिताब दिलाने के अलावा एक पर्सनल माइलस्टोन पर भी होगी. वह टूर्नामेंट में एक शतक जड़ चुके हैं. वह एक और शतक लगाने में कामयाब हुए तो टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में दो सेंचुरी स्कोर करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. 2007 से खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के किसी भी एडिशन में ऐसा देखने को नहीं मिला है, जब किसी बल्लेबाज ने एक से ज्यादा शतक बनाए हों.
पथुम निसंका की नजर इतिहास रचने पर
निशाने पर गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड
निसंका के निशाने पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है. दरअसल, वेस्टइंडीज का यह दिग्गज बल्लेबाज टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाला बल्लेबाज बना हुआ है. गेल ने 2007 और 2016 में टी20 वर्ल्ड कप में शतक जमाए थे, जिससे वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में दो बार सौ स्कोर करने वाले इकलौते बल्लेबाज बने हुए हैं. निसंका एक शतक जड़कर गेल के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे. वहीं, दो शतक जड़ने में कामयाब रहे तो उनका रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए नंबर-1 बन जाएंगे.
श्रीलंका को अभी कितने मैच और खेलने हैं?
निसंका के पास शतकों का यह रिकॉर्ड बनाने के भरपूर मौके हैं, क्योंकि श्रीलंका को सुपर-8 के मुकाबले समेत कुल चार मैच खेलने हैं. श्रीलंकाई टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी. इसके बाद उसकी सुपर-8 में पहली भिड़ंत इंग्लैंड से होनी है. अपने दूसरे सुपर-8 मैच में श्रीलंका का सामना न्यूजीलैंड से होगा. वहीं, सुपर-8 के अपने आखिरी ग्रुप मैच में श्रीलंका की टक्कर किससे होगी, यह ग्रुप मैच खत्म होने के बाद तय हो जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की सह मेजबान श्रीलंकाई टीम अभी तक टूर्नामेंट में अजेय है. उसने जीत की हैट्रिक लगाकर सुपर-8 में एंट्री मारी.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें