भारतीय मूल के क्रिकेटर ने किया संन्यास का ऐलान, T20 WC में खेलेगा आखिरी मैच

भारतीय मूल के क्रिकेटर ने किया संन्यास का ऐलान, T20 WC में खेलेगा आखिरी मैच


होमखेलक्रिकेट

भारतीय मूल के क्रिकेटर ने किया संन्यास का ऐलान, T20 WC में खेलेगा आखिरी मैच

Last Updated:

Navneet Dhaliwal Retirement: कनाडा के पूर्व कप्तान नवनीत धालीवाल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो चुकी कनाडा की टीम अपना आखिरी मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी, जो धालीवाल के करियर का भी अंतिम मैच होगा. 37 साल के धालीवाल को साथी खिलाड़ी जीत के साथ विदाई देना चाहेंगे.

Zoom

नवनीत धालीवाल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास.

नई दिल्ली. भारतीय मूल के क्रिकेटर, कनाडा के पूर्व कप्तान और मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी नवनीत धालीवाल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी कनाडा की टीम चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेलने उतरेगी. यह नवनीत धालीवाल के इंटरनेशनल करियर का विदाई मैच भी होगा. 37 साल के धालीवाल 10 साल से भी ज्यादा समय से कनाडा की बैटिंग लाइन-अप का अहम हिस्सा रहे हैं. उन्होंने 2024 T20 वर्ल्ड कप में टीम की कमान संभाली थी. इसके अलावा भी उन्होंने कई T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में कप्तानी की है.

धालीवाल ने न्यूजीलैंड से कनाडा को मिली हार के बाद अपने संन्यास की पुष्टि की. इस टूर्नामेंट में धालीवाल ने अब तक 108 रन बनाए हैं. उन्होंने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 49 गेंदों में 64 रन बनाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे. इसके बाद यूएई के खिलाफ 34 रन बनाए. धालीवाल टी20 इंटरनेशनल में कनाडा के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनकर रिटायर होने जा रहे हैं. उन्होंने 2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. अपने करियर में उन्होंने 29 टी20 इंटरनेशनल और 4 वनडे मैचों में कनाडा की कप्तानी की. उनकी कप्तानी में टीम ने टी20 फॉर्मेट में 21 मैच जीते.

नवनीत धालीवाल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास.

पहले ही बना लिया था मन
धालीवाल ने कहा कि उन्होंने वर्ल्ड कप में आने से पहले ही तय कर लिया था कि यह उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा. उन्होंने कहा कि 2024 टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना, पहले मैच में रन बनाना और टीम का कप्तान बनना उनके करियर के सबसे खास पल रहे. ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से उन्होंने कहा, ‘मैंने यहां आने से पहले ही फैसला कर लिया था. मैं 11-12 साल से क्रिकेट खेल रहा हूं, इसलिए यह मेरा आखिरी मैच होगा. 2024 वर्ल्ड कप के लिए पहली बार क्वालीफाई करना मेरी सबसे अच्छी याद है. उसके बाद पिछले वर्ल्ड कप के पहले मैच में रन बनाना और कप्तान बनना मेरे लिए गर्व की बात थी.’

नवनीत धालीवाल ने कहा कि वह अब कोचिंग में जाना चाहते हैं. वह नेशनल टीम के साथ क्रिकेट खेलने के बजाय युवा खिलाड़ियों को तैयार करने पर ध्यान देना चाहते हैं. उन्होंने माना कि क्रिकेट से दूर जाना आसान नहीं है, लेकिन वह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों की मदद करना चाहते हैं ताकि वे आगे बढ़ सकें. धालीवाल ने युवराज सामरा के न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाए गए शतक का उदाहरण देते हुए कहा कि कनाडा में जन्मे खिलाड़ियों में काफी प्रतिभा है. उन्होंने कहा कि भले ही कनाडा में क्रिकेट की सुविधाएं और ढांचा सीमित हैं, फिर भी नए खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और समर्थन देकर आगे बढ़ाया जा सकता है.

भारत में हुआ जन्म
नवनीत धालीवाल का जन्म भारत में हुआ था. उनका परिवार पंजाब के चंडीगढ़ में रहता था, जो बाद में कनाडा शिफ्ट हो गया. 1988 में चंडीगढ़ में जन्मे नवनीत ने एक इंटरव्यू में बताया था कि कि उन्होंने प्रोफेशनल क्रिकेट कोचिंग थोड़ी देर से शुरू की थी. उन्होंने मोहाली क्रिकेट एसोसिएशन में ट्रेनिंग ली, जहां उनके कोच टिंकू थे. बाद में उनके पिता ने कनाडा में एक बिजनेस खरीदा, जिसके बाद धालीवाल अपने परिवार के साथ कनाडा चले गए. धालीवाल ने बताया था कि उनकी मां ने हमेशा उनका पूरा साथ दिया. उन्होंने ही उन्हें क्रिकेट को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया.

ऐसा रहा करियर
धालीवाल के इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने कनाडा के लिए 18 वनडे मैच खेले और 456 रन बनाए. वहीं, अब तक 48 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1305 रन बनाए हैं. उनके नाम इंटरनेशनल लेवल पर 14 अर्धशतक भी दर्ज हैं, जिनमें 10 टी20 फॉर्मेट में आए और चार वनडे में.

About the Author

Shivam Upadhyay

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें



Source link