महाकाल की नगरी में महादेव का रिसेप्शन! बनेंगे 56 प्रकार के व्यंजन, भूत-प्रेतों को निमंत्रण, चर्चा में ये कार्ड

महाकाल की नगरी में महादेव का रिसेप्शन! बनेंगे 56 प्रकार के व्यंजन, भूत-प्रेतों को निमंत्रण, चर्चा में ये कार्ड


Ujjain News: विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में हर पर्व हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाता है. उज्जैन में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव-पार्वती विवाह के बाद एक अनोखी परंपरा निभाई जाती है. विवाह उत्सव के उपरांत भगवान महाकाल का भव्य “रिसेप्शन” आयोजित किया जाता है, जिसे शयन आरती भक्त परिवार हर वर्ष श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न करता है. इस वर्ष 26 फरवरी को आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में 56 प्रकार के भोग का प्रसाद अर्पित किया जाएगा.

इस बार आयोजन का 26वां वर्ष
मान्यता है कि इस दिव्य निमंत्रण में केवल श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि भगवान के गण भूत और प्रेत भी आमंत्रित किए जाते हैं. आयोजन से पूर्व चिंतामण गणेश मंदिर और महाकालेश्वर मंदिर में निमंत्रण पत्रिका अर्पित कर विधिवत शुरुआत की गई है. इसके बाद भक्तगण घर-घर जाकर आमंत्रण दे रहे हैं. यह आयोजन संस्था का 26वां वर्ष है, जो आस्था, परंपरा और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है.

100 हलवाई बनाएंगे 56 व्यंजन
महाकालेश्वर मंदिर की पावन नगरी में आयोजित दिव्य रिसेप्शन के अवसर पर इस वर्ष भी भव्य नगर भोज का आयोजन किया जाएगा. परंपरा के अनुसार करीब 100 कुशल हलवाई मिलकर कुंटलों प्रसादी तैयार करेंगे. श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी-सब्जी, दाल-चावल, भजिए-पापड़, पुलाव, हलवा, नुगती, खोपरा पाक, पानी पताशी, नमकीन सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाएंगे. साथ ही पान, कॉफी, शिकंजी और गन्ने के रस की भी विशेष व्यवस्था रहेगी. कुल 56 प्रकार के भोग भगवान को अर्पित कर भक्तों में वितरित किए जाएंगे. इन सभी पकवानों की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी है. आयोजन समिति द्वारा घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस अलौकिक उत्सव का हिस्सा बन सकें.

रिसेप्शन कार्ड की मुख्य बातें
– कार्ड के फ्रंट पेज में बाबा महाकाल संग माँ पार्वती विवाह रिसेप्शन (नगर भाज) दिनांक 26 फरवरी 2026, गुरुवार स्थानः कुमावत मारवाड़ी धर्मशाला, नृसिंह घाट के सामने, उज्जैन समयः शाम 4 बजे से आपके आगमन श्री महाकाल थयन आरती भक्त परिवार, उज्जैन लिखा है.
– कार्ड के दूसरे पन्ने पर श्री विवाह उत्सव लिखा हुआ. श्री गणपति पूजन दि. 25.02.2026, बुधवार प्रातः 10 बजे, हल्दी-मेहंदी दि. 25.02.2026, बुधवार सायं 4 बजे साथ ही उसके नीचे लिखा है. वही दूसरी तरफ शुभ लग्न दि. 26.02.2026, गुरुवार सायं 5 बजे लिखा हुआ है.

जानिए किनको-किनको मिला निमंत्रण
बता दें कि निमंत्रण पत्र में लिखा है कि ”सब होंगे बारात में शामिल भूत, प्रेत, चुड़ैल, आप भी आकर संग उनके करना नाच. अनोखा होगा नृत्य डाकिनी, शाकिनी संग ये मस्ती का पर्व है, भक्तों ये शिव विवाह प्रसंग है. महिला संगीत भी इस विवाह में रखा गया है और अंत में दर्शनाभिलाषी रिद्धि सिद्धि संग श्री गणेश, कार्तिकेय स्वामी, सौ. अशोक सुंदरी, नवुस दामाद, नंदी महाराज, मान भद्र, वीर भद्र, घण्टाकर्ण, मणिभद्र, कीर्तिमुख सूर्यमुखी हनुमान, एवं महाकाल शयन आरती भक्त परिवार”. वहीं, स्वागतातुर में तैंतीस कोटि देवी देवता समस्त अवंतिका नगर वासी लिखा गया है. साथ ही विशेष आयोजन: रात्रि 12 बजे डाकनी, शाकनी, भूत, पिशाच डांस.

श्मशान से भी आएंगे मेहमान!
राजेश जी ने बताया कि उज्जैन में सभी मंदिरों में निमंत्रण जाता है. इसी के साथ यहां के चक्रतीर्थ श्मशान में भी निमंत्रण पहुंचने की परंपरा है. क्योंकि, ऐसा बताया जाता है कि भगवान भोलेनाथ श्मशान वासी भी कहलाते हैं, इसलिए उनके साथ पूरे श्मशान के भूत पिशाच को निमंत्रण दिया जाता है.



Source link