T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी आधा सफर ही तय हुआ है और एक ऐसा रिकॉर्ड बन चुका है, जो इससे पहले टूर्नामेंट में कभी नहीं हुआ था. बुधवार को पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने नामीबिया के खिलाफ मैच में शतक जड़ा. फरहान ने 58 गेंदों पर 100 रनों की नाबाद पारी खेली. उनका ये शतक ऐतिहासिक है, क्योंकि इस सेंचुरी से टी20 वर्ल्ड कप का इतिहास बदल गया है. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रनों से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है.
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेंचुरी जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी बने हैं. पहले शतकवीर श्रीलंका के पथुम निसांका बने थे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 52 गेंदों पर 100 रनों की तूफानी पारी खेली थी. वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में कनाडा के युवराज सामरा ने धमाका करते हुए शानदार शतक जड़ा था.
टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार लगे 3 शतक
साहिबजादा फरहान का ये शतक इसलिए खास है, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी एक एडिशन में 3 सेंचुरी लगी है. इससे पहले 2010,2014, 2016 और 2022 में 2-2 शतक लगे थे, लेकिन कभी भी सेंचुरी की हैट्रिक नहीं हुई थी. 2026 में ये सिलसिला टूट गया और ग्रुप स्टेज में ही 3 शतक लग चुके हैं.
टी20 वर्ल्ड कप में शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट
2026 – साहिबजादा फरहान (100* बनाम नामीबिया)
2026 – युवराज समरा (110 बनाम न्यूजीलैंड)
2026 – पथुम निसांका (100* बनाम ऑस्ट्रेलिया)
2022 – ग्लेन फिलिप्स (104 बनाम श्रीलंका)
2022 – आर रोसौव (109 बनाम बांग्लादेश
2021 – जोस बटलर (101* बनाम श्रीलंका)
2016 – क्रिस गेल (100* बनाम इंग्लैंड)
2016 – तमीम इकबाल (103* बनाम ओमान)
2014 – अहमद शहजाद (111* बनाम बंगलदेश)
2014 – एलेक्स हेल्स (116* बनाम श्रीलंका)
2012 – ब्रेंडन मैकुलम (123 बनाम बांग्लादेश)
2010 – एम जयवर्धने (100 बनाम जिम्बाब्वे)
2010 – सुरेश रैना (101 बनाम साउथ अफ्रीका)
2007 – क्रिस गेल (117 बनाम दक्षिण अफ्रीका)
भारत के लिए सिर्फ सुरेश रैना ने जड़ा है शतक
साहिबजादा फरहान टी20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले दूसरे पाकिस्तानी बने हैं. उन्होंने 12 साल का सूखा खत्म किया है. उनसे पहले 2010 में अहमद शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ 111 रनों की पारी खेली थी. वहीं, भारत की तरफ से सुरेश रैना अभी भी टी20 वर्ल्ड कप में शतक जड़ने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं. उन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 101 रन बनाए थे. वहीं, वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल टी20 विश्व कप के पहले शतकवीर हैं. 2007 में हुए पहले संस्करण में ‘यूनिवर्स बॉस’ ने 117 रनों की तूफानी पारी खेली थी.
ये भी पढ़ें: घमंड ने बाबर आजम को किया बर्बाद! भारत को हराकर ड्रेसिंग रूम में की थी शर्मनाक हरकत, 5 साल बाद खुला राज