What Happened If PAK vs NAM Match Washed Out: टी20 विश्व कप 2026 में 18 फरवरी यानी आज का दिन बेहद खास है. सुपर 8 के लिए 7 टीमें तय हो चुकी हैं, आखिरी टीम कौन होगी? इसका फैसला आज ही होना है. आठवीं टीम का फैसला पाकिस्तान और नामीबिया के बीच होने वाले मुकाबले से हो जाएगा. अगर पाकिस्तान जीतती है तो वो सुपर 8 में एंट्री कर लेगी, जबकि हारने पर मामला फंस जाएगा, लेकिन इस मैच पर बारिश का साया है. अगर मान लीजिए कि बारिश के चलते यह मुकाबला रद्द हो गया तो फिर क्या होगा? कौन सी टीम सुपर 8 में जाएगी और किसका पत्ता साफ होगा? आइए जानते हैं.
दरअसल, 17 फरवरी को ग्रुप बी में जब जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला मैच बारिश के चलते रद्द हो गया तो ऑस्ट्रेलिया की सुपर 8 में एंट्री करने की सभी उम्मीदें टूट गईं. वो बाहर हो गई. उसे उम्मीद थी कि आयरलैंड की टीम जीते और जिम्बाब्वे हार जाए. ऐसा होता तो कंगारू टीम सुपर 8 की रेस में बरकरार रहती, लेकिन बारिश ने पूरा गणित बिगाड़ दिया. जैसी हालत ऑस्ट्रेलिया की हुई, वैसी ही अब अमेरिका टीम की हो सकती है.
अमेरिका ये दुआ कर रही है कि आज के मैच में नामीबिया की टीम पाकिस्तान को हरा दे. ऐसा हुआ तो नंबर 2 पर मौजूद यूएसए टीम 4 अंकों के साथ सुपर 8 में एंट्री कर लेगी, लेकिन अगर बारिश के चलते मैच रद्द हुआ तो फिर मामला खराब होना तय है.
बारिश का साया कितना?
दरअसल, पाकिस्तान और नामीबिया के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में यह मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. इस मैच पर बारिश का पूरा साया है. सुबह से आंधी-तूफान चल सकता है. बादल छाए रहेंगे. मैच से एक घंटा पहले यानी 2 बजे 60 फीसदी बारिश की संभावना है, जबकि मैच के वक्त यानी 3 बजे 49% बारिश होने की संभावना है. ये बारिश 2 बजे से शुरू होकर 4 बजे तक हो सकती है. फिर 5 बजे से रात 8 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट है. ऐसे में अगर मैच धुल गया तो फिर पाकिस्तान की मौज होना तय है.
मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?
मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलते हैं. ग्रुप ए में नंबर 1 पर भारत है, जो सुपर 8 में एंट्री कर चुकी है. नंबर 2 पर अमेरिका है, जिसके पास कुल 4 अंक हैं. तीसरे नंबर पर पाकिस्तान है, जिसके पास 4 अंक हैं. अब अगर बारिश से मैच धुला तो उसे 1 अंक मिलेगा और 5 अंकों के साथ वो सुपर 8 का टिकट हासिल कर लेगी, जबकि अमेरिका को ऑस्ट्रेलिया जैसा झटका लगेगा.
पाकिस्तान बाहर कैसे हो सकता है?
पाकिस्तान तभी बाहर हो सकता है जब नामीबिया और पाकिस्तान के बीच मैच पूरा हो और नामीबिया जीत हासिल कर ले. हालांकि इसकी उम्मीदें कम हैं, क्योंकि पाक टीम मजबूत है. उसके पास अच्छा स्पिन अटैक है और जिस मैदान पर यह मैच होना है, वहां स्पिनर्स को मदद भी है. अब देखना होगा कि अगर मैच हुआ तो नामीबिया किस तरह खेलती है.
पाकिस्तान– सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक.
नामीबिया– गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), ज़ेन ग्रीन, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, रूबेन ट्रम्पेलमैन, जे जे स्मिट, जान फ्रायलिंक, लॉरेन स्टीनकैंप, मालन क्रूगर, निकोल लोफ्टी-ईटन, जैक ब्रासेल, बेन शिकोंगो, जेसी बाल्ट, डायलन लीचर, डब्ल्यूपी मायबर्ग और मैक्स हेंगो.