MP Latest News: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
महाशिवरात्रि पर महाकाल की भक्ति में उमड़ा सैलाब, शीघ्र दर्शन से 62.50 लाख और लड्डू प्रसाद से 1.95 करोड़ की आय
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. शीघ्र दर्शन सुविधा के तहत करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन किए, जिससे मंदिर समिति को 62.50 लाख रुपये की आय हुई. वहीं शिवनवरात्रि (6 से 16 फरवरी) के दौरान रागी और बेसन के लड्डू प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई. इस अवधि में 410.6 क्विंटल लड्डुओं का विक्रय हुआ, जिससे मंदिर समिति को लगभग 1.95 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई.
MP Budget 2026: आज पेश होगा 4.70 लाख करोड़ का मेगा बजट, टैबलेट के साथ विधानसभा पहुंचेंगे वित्त मंत्री
मध्यप्रदेश विधानसभा के तीसरे दिन आज राज्य का बजट पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे. खास बात यह है कि वे इस बार भी टैबलेट के जरिए डिजिटल बजट पेश करेंगे. बताया जा रहा है कि इस साल का बजट पिछले साल की तुलना में बड़ा होगा. अनुमान है कि बजट का आकार करीब 4.70 लाख करोड़ रुपये रह सकता है. गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य का बजट 4.21 लाख करोड़ रुपये था. सरकार ने साल 2028 तक प्रदेश का बजट बढ़ाकर 7.28 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. ऐसे में इस बार के बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, शिक्षा और सामाजिक योजनाओं पर विशेष फोकस रहने की उम्मीद है.
सीएम मोहन यादव का सुपर बिज़ी डे! विधानसभा से किसान मेले तक और फिर मुंबई क्लाइमेट वीक में करेंगे बड़ा प्रेजेंटेशन
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बेहद व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे. सुबह 9:45 बजे वे विधानसभा पहुंचेंगे. 10 बजे कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे और 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेंगे. दोपहर 12:50 बजे मुख्यमंत्री कुशाभाऊ ठाकरे हाल पहुंचकर ‘कर्म योगी बने’ शीर्ष समिति की द्वितीय संगोष्ठी में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे भोपाल से ग्वालियर रवाना होंगे. ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुलैथा में आयोजित किसान मेले में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान करीब 90 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे. शाम 4:15 बजे ग्वालियर से मुंबई के लिए रवाना होंगे. मुंबई में आयोजित क्लाइमेट वीक-2026 में विशेष सत्र की अध्यक्षता करेंगे. 17 से 19 फरवरी तक आयोजित इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की नवकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण से जुड़े नवाचारों का प्रेजेंटेशन भी किया जाएगा.