गाय-भैंस की नाक में खून दिखे तो गर्मी न समझें, ये खतरनाक संकेत! सबसे पहले करें ये इलाज

गाय-भैंस की नाक में खून दिखे तो गर्मी न समझें, ये खतरनाक संकेत! सबसे पहले करें ये इलाज


होमताजा खबरकृषि

गाय-भैंस की नाक में खून दिखना मतलब खतरनाक संकेत! सबसे पहले करें ये इलाज

Last Updated:

Summer Animal Care Tips: गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी पशुओं के लिए भारी पड़ सकती है, इसलिए समय रहते सावधानी और सही देखभाल अपनाकर न केवल पशु को स्वस्थ रखा जा सकता है, बल्कि बड़े नुकसान से भी बचा जा सकता है.

Summer Animal Care Tips: गर्मी में पशुओं की सेहत पर खास ध्यान देना बेहद जरूरी हो जाता है. यदि आपके पशु खासतौर पर गाय या भैंस की नाक से खून निकल रहा है, तो इसे बिल्कुल हल्के में न लें. यह सिर्फ एक सामान्य समस्या नहीं, बल्कि कई बार किसी गंभीर स्थिति या बीमारी का संकेत हो सकता है. समय पर ध्यान नहीं देने पर पशु की जान तक जा सकती है, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.

जानवरों का हीट स्ट्रोक
तेज गर्मी और लू के कारण पशुओं के शरीर का तापमान असंतुलित हो जाता है. जिस तरह इंसानों में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, उसी तरह जानवर भी इसकी चपेट में आ जाते हैं. अधिक तापमान के कारण नाक के अंदर की रक्त वाहिकाएं फैल जाती हैं और कई बार नस फटने से खून बहने लगता है. यही वजह है कि गर्मियों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है.

खून निकलने के कई कारण
खंडवा के पशु विशेषज्ञ डॉ. हेमंत शाह के अनुसार, पशु की नाक से खून आना कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक लक्षण है, जिसके पीछे कई कारण हो सकते हैं. सबसे प्रमुख कारण हीट स्ट्रेस और लू है. इसके अलावा पशुओं के आपसी झगड़े या किसी तरह की चोट लगने से भी नाक से खून आ सकता है. कई बार बैक्टीरियल या वायरल संक्रमण भी इस समस्या की वजह बनते हैं, जिससे पशु की स्थिति और गंभीर हो सकती है.

नाक में घाव का खतरा
एक और बड़ा कारण परजीवी होते हैं, जो चराई के दौरान पशु की नाक में प्रवेश कर जाते हैं. अंदर घाव बना देते हैं. यह घाव धीरे-धीरे गंभीर हो जाता है और लगातार खून बहने लगता है. यदि समय पर इलाज नहीं कराया गया तो स्थिति जानलेवा भी हो सकती है. इसके अलावा कुछ मामलों में नाक के अंदर गांठ या ट्यूमर बनने के कारण भी बार-बार खून निकलने की समस्या सामने आती है.

नाक में खून दिखे तो पहले करें ये काम 
ऐसी स्थिति में पशुपालकों को तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए. जैसे ही नाक से खून आने के लक्षण दिखाई दें, तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना जरूरी है. प्राथमिक उपचार के तौर पर पशु की नाक के पास ठंडा पानी या ठंडे पानी में भीगा साफ कपड़ा रखा जा सकता है, जिससे रक्त वाहिकाएं सिकुड़ती हैं और खून बहना कम होता है. पशु का सिर थोड़ा ऊपर रखना चाहिए, ताकि रक्तस्राव नियंत्रित किया जा सके.

जानें बचाव का तरीका
बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि पशुओं को तेज धूप और लू से बचाया जाए. उन्हें छायादार और ठंडी जगह पर रखें, पीने के लिए पर्याप्त साफ और ठंडा पानी उपलब्ध कराएं. इसके साथ ही संतुलित और पौष्टिक आहार देना भी जरूरी है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनी रहे. गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी पशुओं के लिए भारी पड़ सकती है. इसलिए समय रहते सावधानी और सही देखभाल अपनाकर न केवल पशु को स्वस्थ रखा जा सकता है, बल्कि बड़े नुकसान से भी बचा जा सकता है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link