खौफ में AUS, जो कभी नहीं हुआ उसका लग रहा डर, इज्जत उतारने को तैयार ‘बच्चे’

खौफ में AUS, जो कभी नहीं हुआ उसका लग रहा डर, इज्जत उतारने को तैयार ‘बच्चे’


नई दिल्ली. अपने ग्रुप के दो अहम मैच हारने के बाद निराश ऑस्ट्रेलिया ओमान की कमजोर टीम के खिलाफ बड़ी जीत हासिल कर टी20 विश्व कप में अपने निराशाजनक अभियान का अच्छा अंत करना चाहेगा. छह वनडे और एक टी20 वर्ल्ड कप जीत चुकी ऑस्ट्रेलिया की टीम मंगलवार को कैंडी में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश की वजह से रद्द होने के बाद अगले दौर की दौड़ से बाहर हो गई. इस मैच के रद्द होने से जिम्बाब्वे को एक जरूरी अंक मिला जिससे उसने श्रीलंका के साथ ग्रुप बी से सुपर आठ में जगह बना ली.

कुछ अहम खिलाड़ियों के चोटिल होने से ऑस्ट्रेलिया अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया है. श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी में थोड़ा अच्छा खेला, लेकिन गेंदबाज फिर भी अच्छा नहीं कर पाए. उसे इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ भी हार मिली थी. इसी वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टीम के स्वदेश लौटने पर उसके प्रदर्शन की गहराई से समीक्षा करने का फैसला किया है. ऑस्ट्रेलिया के इस खराब प्रदर्शन में खिलाड़ियों की चोट के अलावा खराब खेल और चयन के फैसलों का भी हाथ रहा. यह 2009 के बाद पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं जा पाई.

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम

पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क की तेज गेंदबाजी तिकड़ी की गैरमौजूदगी के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में खिताब के दावेदार के तौर पर शुरुआत की थी, लेकिन जिम्बाब्वे से हार के बाद हालात जल्दी बिगड़ गए. अब ऑस्ट्रेलिया की टीम स्वदेश लौटने से पहले जीत दर्ज करना चाहेगी और इसके बाद 2028 में अपने घर में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए आगे की योजना बनाएगी, खासकर जब उसके कई अहम खिलाड़ी 30 साल से ऊपर हो चुके हैं.

ऑस्ट्रेलिया की टीम अपने खराब अभियान के बावजूद इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार रहेगी. ऑस्ट्रेलिया ने अब तक तीन में से सिर्फ एक मैच जीता है. उसने आयरलैंड को 67 रन से हराया था. ऑस्ट्रेलिया ने अमेरिका में 2024 में हुए वर्ल्ड कप में ओमान को 39 रन से हराया था. दोनों टीमों के कई खिलाड़ी उस मैच का हिस्सा थे. ऑस्ट्रेलिया 2023 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद से आईसीसी टूर्नामेंटों में उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए जूझ रहा है. पिछले टी20 वर्ल्ड कप के सुपर आठ में भारत और अफगानिस्तान से हारकर वह बाहर हो गया था. उसकी टीम पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल से भी आगे नहीं जा पाई थी. ओमान को भी इस टूर्नामेंट में काफी संघर्ष करना पड़ा है और उसने अपने तीनों ग्रुप मैच बड़े अंतर से गंवाए हैं. जतिंदर सिंह और सुफयान महमूद जैसे खिलाड़ी टूर्नामेंट से विदाई से पहले अपनी छाप छोड़ने की पूरी कोशिश करेंगे.

ऑस्ट्रेलिया की टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा, स्टीव स्मिथ.

ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेट कीपर), सुफियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद, मोहम्मद नदीम, जय ओडेदरा, आशीष ओडेदरा, शफीक जान.



Source link