उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी और अवैध ऑनलाइन ट्रेडिंग से प्राप्त राशि को ठिकाने लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी गरीब लोगों के बैंक खातों का उपयोग कर अवैध लेन-देन करता था और उन्हें कमीशन का लालच देता था। पुलिस के अनुसार मंगल नगर निवासी विशाल चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कोयला फाटक चौराहे पर उनकी मुलाकात वाजिद नामक युवक से हुई थी। वाजिद खुद को बैंक खाते खुलवाने और उनके माध्यम से लेन-देन कराने वाला बताता था, साथ ही खाताधारकों को मोटा कमीशन देने का झांसा देता था। खाता देने से इंकार करने पर विवाद जब फरियादी विशाल चौहान को वाजिद की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उन्होंने अपना खाता देने से इनकार कर दिया, तो उनके बीच विवाद हुआ। इसके बाद यह मामला चिमनगंज थाने में दर्ज कराया गया। खाताधारकों को मिलता था कमीशन जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी वाजिद विभिन्न लोगों के नाम से खुले बैंक खातों में साइबर ठगी और अवैध ऑनलाइन ट्रेडिंग से मिली रकम ट्रांसफर करवाता था। इसका मुख्य उद्देश्य असली अपराधियों की पहचान छिपाना था। खाताधारकों को केवल मामूली कमीशन दिया जाता था, जबकि बड़ी राशि आरोपी और उसके नेटवर्क तक पहुंचती थी। पुलिस ने आरोपी वाजिद (29) निवासी चंद्रवतीगंज इंदौर को 18 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र पचौरिया के नेतृत्व में की गई।
Source link