दतिया में अवैध रेत उत्खनन को लेकर खनिज विभाग की कार्रवाई पर दोहरे मापदंड की नजर आ रही है। एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में सख्ती दिखाई जा रही है, वहीं शहर में खुलेआम चल रहे अवैध रेत फड़ों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देश पर जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सिंध नदी किनारे ग्राम तिलेथा और गोरा घाट क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नदी किनारे अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर एक लोडर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। कच्चे रास्तों को टीम ने नष्ट किया
जब्त वाहनों को पुलिस थाना गोराघाट और थाना उनाव की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम भी मौजूद रही। संयुक्त दल ने तिलेथा, गोविंद नगर और तिगरू क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के लिए बनाए गए कच्चे रास्तों को भी मौके पर क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि भविष्य में अवैध परिवहन रोका जा सके। जिला खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया के नेतृत्व में प्रभारी खनिज निरीक्षक संजय धाकड़ ने यह कार्रवाई की। प्रशासन का दावा है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में सक्रिय अवैध रेत फड़ों पर कार्रवाई नहीं होने से विभाग की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Source link