कैलाश विजयवर्गीय के ‘औकात’ बयान पर युवा कांग्रेस भड़की: कटनी में पुतला फूंका, सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप – Katni News

कैलाश विजयवर्गीय के ‘औकात’ बयान पर युवा कांग्रेस भड़की:  कटनी में पुतला फूंका, सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप – Katni News




मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा दिए गए ‘औकात’ वाले बयान पर जुबानी जंग अब सड़कों पर आ गई है। कटनी के बड़वारा में युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को मंत्री विजयवर्गीय का पुतला दहन कर उग्र प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। यह मामला गुरुवार का है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इंदौर में हुई जल त्रासदी और कफ सिरप से जुड़ी संदिग्ध मौतों का मुद्दा उठा रहे थे। इसी दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हस्तक्षेप करते हुए नेता प्रतिपक्ष के लिए ‘औकात’ शब्द का प्रयोग किया था। विपक्ष का आरोप है कि एक जिम्मेदार पद पर बैठे मंत्री द्वारा इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग संसदीय लोकतंत्र का अपमान है। उनका कहना है कि यह बयान विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुँचाता है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के निर्देशन में और अवध यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता बड़वारा शासकीय अस्पताल के सामने एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयवर्गीय के बयान को अहंकारी और अलोकतांत्रिक बताते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अवध यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जनता के मुद्दों और इंदौर की त्रासदी पर जवाब मांग रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने तथ्यों पर बात करने के बजाय व्यक्तिगत हमला किया और ‘औकात में रहने’ की नसीहत दी। यादव ने इस बयान को निंदनीय बताया और कहा कि युवा कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है।



Source link