Football stadium in Gaza: गाजा के लिए एक अच्छी खबर आई है. इजराइल और हमास के बीच दो साल से अधिक समय तक चले युद्ध से तबाह हुए इस क्षेत्र को अब नया इंटरनेशनल स्तर का फुटबॉल स्टेडियम मिल सकता है. यह वादा वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस की पहली बैठक में किया गया है. खास बात यह है कि यह वादा किसी और ने नहीं बल्कि फुटबॉल की सबसे बड़ी संस्था FIFA ने किया है.
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ यानी FIFA ने गाजा में नया फुटबॉल स्टेडियम बनाने के लिए 50 मिलियन डॉलर देने का ऐलान किया है, जो भारतीय रुपए में लगभग 415 करोड़ रुपए हैं. उसने यह घोषणा 19 फरवरी को वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस की पहली बैठक के दौरान की.
इजराइल के साथ दो साल तक चले संघर्ष के बाद गाजा पूरी तरह तबाह हो चुका है, लेकिन अब दुनिया उसके पुनर्निर्माण में जुटी है. इसमें फीफा भी ‘फुटबॉल को सार्वभौमिक भाषा’ बनाकर अपनी भूमिका निभा रहा है. वहां नया स्टेडियम बनाने का वादा फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने खुद किया है.
गाजा में बनेगा नया स्टेडियम
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने बैठक में कहा, ‘हमें सिर्फ घर, स्कूल, अस्पताल या सड़कें ही नहीं बनानी हैं, बल्कि लोगों का भरोसा, उम्मीद और भावनाएं भी फिर से खड़ी करनी हैं. फुटबॉल इसी के बारे में है.’ फुटबॉल, या जैसा यहां इसे सॉकर कहा जाता है, दुनिया की सार्वभौमिक भाषा है. यह उम्मीद, खुशी और एकजुटता का प्रतीक है. यह दुनिया को जोड़ने का काम करता है.
फीफा स्टेडियम के अलावा और क्या कर रहा है?
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने जानकारी दी है कि गाजा में बनने वाले नए स्टेडियम में 20,000 से 25,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी. सिर्फ इतना ही नहीं, फीफा ने अलग से 15 मिलियन डॉलर की लागत से एक फीफा अकादमी बनाने का ऐलान भी किया है. साथ ही 2.5 मिलियन डॉलर में 50 ‘मिनी एरिना पिच’ और 1-1 मिलियन डॉलर की लागत से पांच फुल साइज मैदान भी बनाए जाएंगे.
फुटबॉल में फिलिस्तीन की राष्ट्रीय टीम गाजा और वेस्ट बैंक का संयुक्त रूप से प्रतिनिधित्व करती है. इसे साल 1998 में फीफा की मान्यता मिली थी, लेकिन अब तक वह विश्व कप के मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी है. हालांकि टीम में फुटबॉल को लेकर जुनून कम नहीं है.
फीफा विश्व कप 2026 कब से होगा?
फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में होना है. यह टूर्नामेंट कुल 16 स्थानों पर होगा, जिनमें से 11 अमेरिका में हैं, जबकि कनाडा और मैक्सिको को 13-13 मैचों की मेजबानी मिली है. अमेरिका में कुल 78 मैच खेले जाएंगे. फाइनल भी अमेरिका में ही होगा. इस टूर्नामेंट पर पूरी दुनिया की नजर है, क्योंकि खेलों में अगर दुनिया में सबसे ज्यादा किसी चीज का क्रेज है तो वह फुटबॉल ही है.