जेंडर और जीवन कौशल पर विशेष प्रशिक्षण, स्कूलों में बदलेगी सोच – Betul News

जेंडर और जीवन कौशल पर विशेष प्रशिक्षण, स्कूलों में बदलेगी सोच – Betul News




बैतूल| आयुष्मान भारत के राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत ‘उमंग’ स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तृतीय चरण में शिक्षकों को हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर (आरोग्यदूत) के रूप में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में जेंडर, जीवन कौशल, मन हित एप जैसे विषयों पर गतिविधियों के माध्यम से जानकारी दी गई। हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी में मिले सकारात्मक परिणामों के बाद अब कार्यक्रम को माध्यमिक शालाओं में भी लागू करने पर जोर दिया गया। मास्टर्स ट्रेनर शैलेंद्र बिहारिया ने बताया कि उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को मजबूत करना है। इससे वे तनाव प्रबंधन, स्व-जागरूकता, दैनिक जीवन की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपट सकेंगे। प्रशिक्षण में व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया जांच, दंत एवं नेत्र रोगों की रोकथाम, आयरन-फोलिक एसिड गोलियों के प्रति जागरूकता, तंबाकू-मुक्त शाला, नशा-मुक्ति प्रयास, किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत प्रत्येक छात्र की हेल्थ आईडी बनाने, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर शिक्षक नीलेश लहरपुरे सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संदेश रहा, उमंग है तो जिंदगी में रंग है।



Source link