ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर एडम जाम्पा ने टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है. एडम जाम्पा ने टी20 वर्ल्ड कप में महारिकॉर्ड बना दिया है. एडम जाम्पा ने शुक्रवार (20 फरवरी) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने चौथे और आखिरी ग्रुप B मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए 3.2 ओवर फेंके और 21 रन देकर चार विकेट लिए. गेंद से उनके शानदार प्रदर्शन की वजह से ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 16.2 ओवर में सिर्फ 104 रन पर आउट कर दिया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में एडम जाम्पा ने चार विकेट हॉल लेकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है.
टी20 वर्ल्ड कप में एडम जाम्पा ने बनाया महारिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एडम जाम्पा के विकेटों की संख्या 44 हो गई है. एडम जाम्पा अब T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं. बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर शाकिब अल हसन पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.
एडम जाम्पा के नाम 44 विकेट
शाकिब अल हसन ने 2007 से 2024 तक 43 T20 वर्ल्ड कप मैच खेले और 50 बल्लेबाजों को आउट किया. दूसरी ओर, एडम जाम्पा के नाम 25 T20 वर्ल्ड कप मैचों में 44 विकेट हैं. ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शाकिब अल हसन और एडम जाम्पा के बाद अफगानिस्तान के राशिद खान (43), श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (40) और पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (39) का नंबर आता है.
ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
1. शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) – 50
2. एडम जाम्पा (ऑस्ट्रेलिया) – 44
3. राशिद खान (अफगानिस्तान) – 43
4. वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) – 40
5. शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान) – 39
T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा फोर विकेट हॉल
एडम जाम्पा ओमान के खिलाफ चार विकेट की मदद से T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा चार बार फोर विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. इसके अलावा एनरिक नॉर्खिया (साउथ अफ्रीका), राशिद खान (अफगानिस्तान), सईद अजमल (पाकिस्तान) और शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) ने T20 वर्ल्ड कप में तीन-तीन बार फोर विकेट हॉल लिए हैं. एडम जाम्पा जो T20I में ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, उन्होंने 11 फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 के ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच में चार विकेट लिए थे, लेकिन अगले दो मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.