भास्कर संवाददाता | झुंडपुरा वार्ड 4 करजोनी स्थित चंबल नदी के मचैला घाट पर फाल्गुन शुक्ल पक्ष द्वितीया के अवसर पर गुरुवार को मासिक जात में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। खराब मौसम और दिनभर चली बूंदाबांदी के बावजूद हजारों श्रद्धालु अलख ज्योति बाबू महाराज के दरबार में पहुंचकर श्रद्धा की डुबकी लगाते नजर आए। बुधवार दोपहर से शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही, लेकिन ठंड और फिसलन भी भक्तों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। दुर्गम बीहड़ों से घिरे मचैला घाट तक लोग पैदल और वाहनों से पहुंचे। जो श्रद्धालु एक दिन पहले करजोनी पहुंच गए थे, उन्होंने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर पूजा-अर्चना की। सुबह होते-होते घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा, जो शाम तक जारी रहा। भक्तों ने कीचड़ और कठिन रास्तों की परवाह किए बिना पहुंचकर अपनी अर्जी लगाई।
Source link