मिट्टी के चूल्हे पर बना सबसे सस्ता नाश्ता! ₹5 में समोसा, लगती लंबी लाइन

मिट्टी के चूल्हे पर बना सबसे सस्ता नाश्ता! ₹5 में समोसा, लगती लंबी लाइन


छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुश नगर में एक ऐसी भी नाश्ते की दुकान है, जहां लोगों को सबसे सस्ता नाश्ता खाने को मिलता है. जहां एक तरफ हर दिन महंगाई बढ़ती जा रही है, वहीं इस महंगाई के जमाने में लवकुश नगर में पंकज पार्क के बाहर स्थित दुकान पर पांच रुपये में टेस्टी समोसा खाने को मिल जाता है. यहां 10 रुपये में ब्रेड पकोड़ा, मिर्च, मंगोड़ी और जलेबी भी खा सकते हैं. यह दुकान सुबह 6 बजे खुलती है और रात को 9 बजे बंद होती है. लवकुश नगर के ही रहने वाले विकल्प चौरसिया लोकल 18 को बताते हैं कि पांच साल पहले दिमाग में ख्याल आया कि क्यों न हम भी नाश्ते की दुकान खोलें. सबसे पहले हमने ठेले में नाश्ता बेचना शुरू किया. इसके बाद स्थायी दुकान ले ली.

विकल्प ने कहा कि छतरपुर जिला अस्पताल के सामने मिट्टी के चूल्हे पर नाश्ता बनता था. वहीं से आइडिया आया कि हम भी लवकुश नगर में मिट्टी के चूल्हे में ही समोसे से लेकर जलेबी बनाएंगे. पूरे छतरपुर जिले में जहां एक तरफ नाश्ता महंगा होता जा रहा है, तो वहीं हम पांच रुपये में नाश्ता खिला रहे हैं. छतरपुर शहर में तो 10 रुपये का समोसा पहले से ही था, अब तो हमारे लवकुश नगर में भी समोसा 10 रुपये का हो गया है जबकि टेस्ट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई.

10 रुपये में दो समोसे
उन्होंने आगे कहा कि छतरपुर जिले में हर जगह 15 रुपये के दो समोसे या कहीं 10 रुपये का एक समोसा मिलता है, वहीं हम 10 रुपये में दो टेस्टी समोसे खिला रहे हैं. हालांकि छतरपुर, गढ़ीमलहरा और महाराजपुर में एकाध दुकान है, जहां पांच रुपये में समोसा मिल जाता है लेकिन लवकुश नगर में हमारी ही एकमात्र दुकान है, जहां 5 रुपये में मिट्टी के चूल्हे में तला समोसा मिल जाता है.

माउथ पब्लिसिटी से बढ़ा नाम
विकल्प बताते हैं कि जब शहर में नाश्ते की तमाम दुकानें थीं, तब हमारे लिए कंपीटिशन करना मुश्किल था, इसलिए हमने दिमाग लगाया और सस्ता करने का सोचा. इससे हमारा कंपीटिशन कम हो गया. धीरे-धीरे कस्टमर बढ़ने शुरू हो गए. माउथ पब्लिसिटी अच्छी मिलती गई और ऐसे पूरे लवकुश नगर में हमारी दुकान का नाम हो गया. यह आइडिया बढ़िया चल गया. हमारे कस्टमर बढ़े, तो मुनाफा बढ़ने लगा.

रोजाना 300 से 500 ग्राहक
उन्होंने कहा कि हमारे पास समोसा, ब्रेड पकोड़ा, मिर्च पकोड़ा, मंगोड़ी और जलेबी तुरंत बनकर तैयार होती है. कस्टमर सभी आइटम खाना पसंद करते हैं लेकिन सबसे ज्यादा डिमांड समोसे की रहती है. हमारे यहां समोसे का साइज भी मीडियम रहता है और दाम भी कम रहता है, जिसकी वजह से सबसे ज्यादा लोग समोसा ही खाने आते हैं. उनकी दुकान पर 50 तो बंधे ग्राहक हैं, जो हर दिन ही समोसा, ब्रेड पकोड़ा, मिर्च पकोड़ा और जलेबी खाने आते हैं. इसके साथ ही हमारे पास हर दिन 300 से 500 कस्टमर आते हैं.



Source link