रायसेन जिले में बुधवार से मौसम में बदलाव आया है। पिछले दो रातों से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण पूरे इलाके में ठंडक बढ़ गई है। गुरुवार और शुक्रवार की सुबह आसमान में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। इस बारिश के कारण रात के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। पहले जहां पारा 12-13 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं अब यह घटकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, दिन का तापमान अभी भी 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है। हवा और बारिश से फसल आड़ी हुई
जिले के दीवानगंज क्षेत्र समेत ग्रामीण इलाकों के कुछ खेतों में गेहूं की फसल आड़ी जरूर हुई है, लेकिन किसानों के अनुसार इससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। किसानों ने बताया कि इस समय की बारिश गेहूं की बढ़वार के लिए फायदेमंद है। जिन किसानों को सिंचाई करनी पड़ रही थी, उन्हें विशेष लाभ हुआ है क्योंकि प्राकृतिक पानी मिलने से फसल को मजबूती मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो से तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस बदलते मौसम से जहां ठंड बढ़ी है, वहीं किसानों के लिए यह राहत भरी खबर है।
Source link