मध्य प्रदेश विधानसभा में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के संबंध में की गई कथित टिप्पणी को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी क्रम में, प्रदेश संगठन के आह्वान पर शुक्रवार शाम विदिशा में युवा कांग्रेस ने माधवगंज क्षेत्र में मंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मंत्री से इस्तीफे की मांग की। इस दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। पुलिस द्वारा पुतला छीनने के प्रयास में कुछ देर तक धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया तो आंदोलन तेज होगा युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि विधानसभा जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच पर इस प्रकार की भाषा का प्रयोग संसदीय मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष के लिए अभद्र शब्दों का उपयोग किया, जिसका युवा कांग्रेस कड़ा विरोध करती है। शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि मंत्री से इस्तीफा नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में भाषा संयमित और गरिमापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन जारी है और मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिसने स्थिति को नियंत्रित किया।
Source link