छतरपुर में एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल से स्कूल से लौट रहे सातवीं कक्षा के छात्र को टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार, सुबह छात्र अपने छोटे भाई को स्कूल में टिफिन देने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। उसके चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। छात्र की मां रोशनी वासुदेव ने बताया कि हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने प्रशासन से लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने शहर में तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण न होने की बात कही है। उनका आरोप है कि ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस संबंध में यातायात पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
Source link