The Hundred Controversy: इंग्लैंड की लीग ‘द हंड्रेड’ और पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लेकर विवाद काफी बढ़ता जा रहा है. एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि लीग की कुछ फ्रेंचाइजियां पाकिस्तानी क्रिकेटरों से दूरी बना सकती हैं. द हंड्रेड में खेलने वाली आईपीएल की मालिकी वाली चार टीमें ऐसा कर सकती है. लीग का आयोजन 21 जुलाई से 16 अगस्त तक किया जाएगा. इस विवाद पर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का बयान सामने आया. उन्होंने पाकिस्तानी प्लेयर्स के सपोर्ट में अपनी बात रखी है.
इन 4 टीमों को लेकर टेंशन
हैरी ब्रूक ने दावा किया है कि अगर इस साल आने वाले हंड्रेड एडिशन से पाकिस्तानी खिलाड़ियों को बाहर रखा जाता है, तो यह शर्म की बात होगी. द हंड्रेड के नए सीजन में खिलाड़ियों की सैलरी में अच्छी-खासी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, क्योंकि नए प्राइवेट इन्वेस्टमेंट से टूर्नामेंट के फाइनेंस में बढ़ोतरी हुई है. आठ टीमों में से चार (मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स, MI लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स) के पास अब उन कंपनियों का छोटा सा मालिकाना हक है जो आईपीएल फ्रेंचाइजी भी चलाती हैं.
सनराइजर्स लीड्स के लिए खेलते हैं ब्रूक
आईपीएल स्टेकहोल्डर्स की मालिकी वाली फ्रेंचाइजी ने 2009 से पाकिस्तानी क्रिकेटरों को साइन नहीं किया है. यह स्थिति काफी हद तक भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर पैद हुई है. ब्रूक खुद सनराइजर्स लीड्स के लिए खेलेंगे, जिसे पहले नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के नाम से जाना जाता था. श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड के सुपर 8 मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए ब्रूक ने कहा कि पाकिस्तान एक बेहतरीन क्रिकेट देश रहा है. उनके खिलाड़ी अपनी क्षमता और भीड़ खींचने की काबिलियत से द हंड्रेड को और बेहतर बना सकते हैं.
ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा है बाबर आजम का रिकॉर्ड? कीवी गेंदबाजों के लिए ‘काल’, 98 चौके और 16 छक्के हैं नाम
शर्म की बात होगी: ब्रूक
ब्रूक ने कहा, ”हमारा पूरा ध्यान अब इस बात पर है कि टी20 वर्ल्ड कप में क्या होने वाला है. सच कहूं तो यह हमारा कोई काम नहीं है, लेकिन मैं कहूंगा कि पाकिस्तान कई सालों से एक बेहतरीन क्रिकेट देश रहा है. मुझे लगता है कि ऑक्शन में लगभग 50-60 खिलाड़ी हैं और उनमें से कुछ को वहां न देखना शर्म की बात होगी. कुछ कमाल के क्रिकेटर हैं और वे अच्छी भीड़ भी लाते हैं. इसलिए कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वहां न देखना शर्म की बात होगी.”
ये भी पढ़ें: PAK vs NZ Colombo Weather Report: बारिश से धुलेगा पाकिस्तान का मैच? न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले पहले मौसम ने दी टेंशन
माइकल वॉन ने भी जताई आपत्ति
माइकल वॉन इस बारे में खुलकर बोले कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड को पाकिस्तानी खिलाड़ियों को द हंड्रेड में हिस्सा लेने की इजाजत देनी चाहिए और आईपीएल मालिकों को इसे रोकने नहीं देना चाहिए. उन्होंने लिखा, “ईसीबी (इंग्लैंड क्रिकेट एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड) को इस पर जल्दी एक्शन लेने की जरूरत है. लीग उनकी है और ऐसा नहीं होने देना चाहिए. देश का सबसे सबको साथ लेकर चलने वाला खेल ऐसा नहीं होने देगा.”