बुरहानपुर में तेंदुए ने किया गाय का शिकार: बंभाड़ा के चांदगढ़ में की घटना; वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत – Burhanpur (MP) News

बुरहानपुर में तेंदुए ने किया गाय का शिकार:  बंभाड़ा के चांदगढ़ में की घटना; वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत – Burhanpur (MP) News




बुरहानपुर जिले के शाहपुर वन परिक्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत बंभाड़ा के चांदगढ़ में शुक्रवार रात एक तेंदुए ने किसान प्रकाश पूनमचंद बारी की गाय पर हमला कर उसे मार डाला है। घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार कर लिया है और क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मोहद वन चौकी के डिप्टी रेंजर अरुण सातव ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किया। वन विभाग ने यह रिपोर्ट शनिवार को अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार अपनी निगरानी बढ़ा रही है। सरपंच ने गांव में कराई मुनादी
वन विभाग ने सभी ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह और शाम के समय खेतों में बिल्कुल अकेले न जाएं। ग्राम सरपंच सविता सागर ने भी गांव में मुनादी कराकर लोगों को इस वन्यप्राणी की गतिविधियों के प्रति जागरूक किया है। इसके साथ ही, ग्रामीणों को अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने और रात के समय खेतों में न रुकने की सख्त हिदायत दी गई है। गुरुवार रात भी हुआ था बछड़े का शिकार
इससे पहले गुरुवार रात को मोहद में कालिका माता मंदिर मार्ग पर भी एक अज्ञात वन्यप्राणी ने शिकार किया था। यहां शुभम महाजन के खेत के बाड़े में बंधे एक बछड़े को मार दिया गया था। इसे भी तेंदुए का हमला ही माना गया था। शुक्रवार को उस स्थान पर तेंदुए के पगमार्क (पैरों के निशान) मिले थे। इसके बाद अब शनिवार सुबह बंभाड़ा में भी पगमार्क देखे गए हैं, जिससे क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी स्पष्ट हो गई है। लगातार की जा रही है गश्त
बुरहानपुर के एसडीओ अजय सागर ने बताया कि घटना का पंचनामा तैयार कर लिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है और आमजन को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है।



Source link