‘सब खत्म, हम फेल हो गए’…धुआंधार जीत के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में सन्नाटा, वर्ल्ड चैंपियन बॉलर ने किया दर्दनाक कबूलनामा

‘सब खत्म, हम फेल हो गए’…धुआंधार जीत के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में सन्नाटा, वर्ल्ड चैंपियन बॉलर ने किया दर्दनाक कबूलनामा


Silence in Australian dressing room: टी20 विश्व कप 2026 में जिस बड़ी टीम ने सबसे ज्यादा निराश किया, वो 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया है. जिसने ग्रुप स्टेज के पहले तीन मैचों में से 2 हारे और एक बारिश की भेंट चढ़ गया. आखिरी मुकाबला उसने ओमान के खिलाफ खेला, जो एक ऐसी जीत के साथ खत्म हुआ, जो कंगारुओं के किसी काम न आ सकी. ओमान को ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में बुरी तरह हराने के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में जश्न के बजाय मातम जैसा सन्नाटा पसरा है. टीम के स्टार स्पिनर एडम जंपा ने ड्रेसिंग रूम के गमगीन माहौल का जिक्र करते हुए कबूल किया कि इस बार टीम सही वक्त पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी. जंपा ने बताया कि कैसे एक हार ने टीम की सालों की मेहनत पर पानी फेर दिया.

ओमान के खिलाफ मुकाबले में 3.2 ओवर में 4 विकेट निकाले और टीम को जीत दिलाई. हालांकि यह मैच सिर्फ औपचारिकता था, जिसका कोई मतलब नहीं निकला, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया पहले जिम्बाब्वे और फिर श्रीलंका के खिलाफ हार के चलते ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी. एडम जंपा ने भरे मन से इस बात को एक्सप्रेस किया है कि टीम अपनी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और श्रीलंका के खिलाफ मिली हार का जख्म आज भी गहरा है.

एडम जंपा ने बताया ड्रेसिंग रूम का माहौल

एडम जंपा ने ओमान के खिलाफ मिली जीत के बाद कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो हमारे लिए पिछले कुछ दिन काफी मुश्किल रहे हैं. ड्रेसिंग रूम में माहौल काफी शांत है, क्योंकि हम बेहद निराश हैं कि हमारा विश्व कप इतनी जल्दी खत्म हो गया.’ ओमान के खिलाफ जंपा ने 4 विकेट लिए, लेकिन वो अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे. उन्होंने बताया कि ‘मुझे लगता है कि श्रीलंका के खिलाफ मैच में मैं और बेहतर कर सकता था. उस मुकाबले में मेरा योगदान बिल्कुल अच्छा नहीं रहा. मेरा काम मिडिल ओवरों में विकेट लेना है और मैं वहां बेहतर कर सकता था.’ जंपा ने श्रीलंका के खिलाफ 4 ओवर में 41 रन लुटाए थे और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था.

Add Zee News as a Preferred Source


पूरी मेहनत हो गई बेकार

एडम जंपा ने कहा कि ‘आप हमेशा विकेट लेना चाहेंगे. लेकिन मैं व्यक्तिगत आंकड़ों के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं. मुझे इस बात का ज्यादा दुख है कि आज हमारा टूर्नामेंट खत्म हो गया. हमने पिछले कुछ सालों में इस टीम को तैयार किया, लेकिन हम अपने काम को सही तरीके से अंजाम नहीं दे सके.’ इस एडिशन में जंपा ने 4 मैचों में कुल 8 विकेट लिए हैं, लेकिन टीम सुपर 8 में जगह नहीं बना सकी.

ओमान के खिलाफ पूरे रंग में दिखे कंगारू

ओमान के खिलाफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बॉलिंग की और ओमान को 16.2 ओवर में सिर्फ 104 रन पर समेट दिया. इसके जवाब में 105 रन का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया ने महज 9.4 ओवर में हासिल कर लिया. मार्श ने 33 गेंदों पर 64 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड ने 19 गेंदों पर 32 रन बनाए. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी हुई. गेंदबाजी में जंपा ने मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने कुल 4 विकेट लिए.

ये भी पढ़ें: T20 World 2026: अब हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा…Super 8 में बारिश की भेंट चढ़ा मुकाबला तो क्या होगा? जानिए ICC का नियम



Source link