Last Updated:
Suryakumar Yadav on Abhishek Sharma Form: सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच से पहले अभिषेक शर्मा को बैक करते हुए कहा है, ‘जो उनके फॉर्म की चिंता कर रहे हैं, मैं उनकी चिंता कर रहा हूं.’ कप्तान ने इस बयान ने साफ कर दिया कि अभिषेक शर्मा साउथ अफ्रीका और आने वाले मुकाबलों में ओपनिंग करते नजर आएंगे. टूर्नामेंट में लगातार तीन मैचों में डक पर आउट होने के बाद उनकी टीम में जगह को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक की फॉर्म पर दिया बयान.
नई दिल्ली. अभिषेक शर्मा की फॉर्म टी20 वर्ल्ड कप में चिंता का एक बड़ा विषय बनी हुई है. टीम इंडिया का यह विस्फोटक ओपनर ग्रुप स्टेज में खेले तीनों मुकाबलों में खाता तक नहीं खोल पाया. सुपर-8 मैचों से पहले माना जा रहा है कि अभिषेक शर्मा की जगह संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है, जिन्होंने टूर्नामेंट में एक मैच खेला, जिसमें उन्होंने 8 गेंदों में 22 रन बनाए. हालांकि, सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि अभिषेक ही आगामी मुकाबलों में ओपनिंग करते नजर आएंगे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम के पहले सुपर-8 मैच से पहले सूर्या ने अभिषेक को बाहर कर सैमसन को उनकी जगह लाने की सभी अटकलों पर विराम लगा दिया.
भारत और साउथ अफ्रीका की सुपर-8 में टक्कर 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी. दोनों ही टीमों का यह पहला सुपर-8 मैच होगा. इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने चुटकी लेते हुए अभिषेक की फॉर्म को लेकर कहा, ‘अभिषेक शर्मा की फॉर्म की जो चिंता कर रहे हैं, उनकी चिंता मैं कर रहा हूं.’ भारतीय कप्तान ने आगे कहा, ‘मुझे उन टीमों की ज्यादा चिंता है जो बाद में उनका सामना करेंगी.’ अभिषेक शर्मा को बैक करते हुए सूर्या ने कहा, ‘उन्होंने पूरे साल हमारा साथ दिया, अब हमारी बारी है.’
सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक की फॉर्म पर दिया बयान.
कप्तान ने आगे कहा, ‘जब वह रन बनाता है, तो सबने देखा है कि क्या होता है.’ लगातार तीन मैचों में अभिषेक के डक पर आउट होने को लेकर सूर्या ने कहा, ‘ऐसा होता है, यह एक टीम स्पोर्ट है, यह चलता रहता है. अब टीम की जरूरत है कि वह अपना नैचुरल गेम खेले. इसलिए वह खेलने की कोशिश कर रहा है. अगर ऐसा होता है, तो ठीक है. अगर नहीं होता है, तो हम कवर करने के लिए हैं. पिछले साल उसने हमारे लिए कवर किया था, अब हम उसके लिए कवर करेंगे.’
लगातार तीन मैचों में डक पर आउट हुए अभिषेक
टी20 वर्ल्ड कप से पहले अभिषेक शर्मा जबरदस्त फॉर्म में थे. ऐसा कहा गया कि टी20 रैंकिंग में दुनिया का यह नंबर-1 बल्लेबाज टूर्नामेंट में भारत के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकता है, लेकिन अभिषेक की शुरुआत बेहद खराब रही है. वह अब तक उन्होंने तीन मैच खेले हैं और तीनों ही मैचों में बिना खाता खोले आउट हो गए. अपना पहला ही टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे अभिषेक के बल्ले से एक भी नहीं निकला है, जिसने टीम इंडिया टेंशन बढ़ाने का काम किया. हालांकि, कप्तान के बयान से साफ है कि मैनेजमेंट को अभिषेक पर भरोसा है कि आगामी मुकाबलों में वह मैच जिताऊ पारियां खेलेंगे.
सैमसन को लेकर क्या कहा?
संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में मौका दिया जाने के सवाल पर कप्तान ने कोई साफ जवाब नहीं दिया. इसके बजाय, वह टीम के स्पिन से निपटने के लिए अच्छी तैयारी की बात करने लगे. शुक्रवार की शाम को कृत्रिम रोशनी में आयोजित प्रैक्टिस सेशन में संजू सैमसन को लंबे समय तक बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए देखा गया. सैमसन ने तेज गेंदबाजी और स्पिनर दोनों के खिलाफ लंबे समय तक बल्लेबाजी की और इस दौरान अच्छे टच में दिखे. हेड कोच गौतम गंभीर ने अभिषेक शर्मा से लंबी बातचीत की. इसके बाद वह सैमसन को गेंदबाजी करते हुए भी नजर आए. इसी के बाद यह अंदाजा लगाया गया कि सैमसन अगले मैच में भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हो सकते हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें