T20 World Cup 2026: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद में रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ‘सुपर-8’ मुकाबला खेला जाना है. दोनों देशों के बीच अब तक कुल 35 T20I मैच खेले गए हैं, जिसमें सिर्फ 2 ही बल्लेबाज शतक लगा सके. ये दोनों ही खिलाड़ी भारतीय हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में संजू सैमसन और तिलक वर्मा का नाम है. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2-2 शतक लगाए हैं.
रिकॉर्ड बुक में दर्ज इन भारतीयों का नाम
संजू सैमसन ने साल 2024 से अब तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ कुल 5 T20I मुकाबले खेले हैं. इस खिलाड़ी ने 8 नवंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहला T20I शतक लगाया था. इस मुकाबले में बतौर सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने 50 गेंदों में 107 रन बनाए थे. उनकी इस पारी में 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. भारत ने ये मुकाबला 61 रन से जीता था.
संजू सैमसन ने किया था अद्भुत कमाल
इसी सीरीज में संजू सैमसन ने एक और शतक लगाया. 15 नवंबर 2024 को उन्होंने जोहानिसबर्ग में 56 गेंदों का सामना करते हुए 9 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 109 रन की नाबाद पारी खेली थी. इस मुकाबले को भारत ने 135 रन से अपने नाम किया था.
तिलक वर्मा ने भी ठोका शतक
दूसरी ओर, तिलक वर्मा साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 मुकाबलों में 2 शतक लगा चुके हैं. तिलक वर्मा ने नवंबर 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो मुकाबलों में शतक लगाए थे. उन्होंने 13 नवंबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 56 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 107 रन की नाबाद पारी खेली थी. भारत ने यह मैच 11 रन से अपने नाम किया. इसके बाद 15 नवंबर को तिलक वर्मा ने 47 गेंदों में 10 छक्कों और 9 चौकों के साथ 120 रन की नाबाद पारी खेली थी. भारत ने इस मुकाबले को 135 रन से अपने नाम किया था.
भारत बनाम साउथ अफ्रीका हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए 35 T20I मुकाबलों में टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है. इस दौरान भारत ने 21 मैच जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका ने 13 मुकाबले अपने नाम किए. इसके अलावा, 1 मैच बेनतीजा भी रहा.