India vs South Africa: टी20 विश्व कप 2026 में भारत की तरह साउथ अफ्रीका की टीम भी अजेय है. ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीतकर उसने सुपर 8 में एंट्री की है. अब यह दोनों टीमें सुपर 8 के ग्रुप 1 में सबसे पहले भिड़ने वाली हैं. 22 फरवरी की शाम 7 बजे अहमदाबाद के मैदान पर जब टीम इंडिया उतरेगी, तो उसका सामना सिर्फ एक टीम से नहीं, बल्कि पांच उन खिलाड़ियों से होगा जो इस समय ‘प्रचंड फॉर्म’ में हैं. साउथ अफ्रीका टीम के ये वही 5 ‘योद्धा’ हैं, जो हार के जबड़े से जीत छीनने का माद्दा रखते हैं, इसलिए टीम इंडिया को इनसे बचकर रहना होगा.
इस एडिशन में अफ्रीका को अजेय रखने वाले ये खिलाड़ी टीम इंडिया की सेमीफाइनल की राह में सबसे बड़े कांटे बन सकते हैं. क्रिकेट फैन और पंडित ये मानते हैं कि लुंगी एनगिडी और रबाडा की धारदार गेंदबाजी के साथ-साथ जब मैदान पर ‘बेबी एबी’ का बल्ला बोलता है, तो अच्छे-अच्छे गेंदबाजों के पसीने छूट जाते हैं. वहीं मार्करम और डी कॉक के छक्के विरोधी टीम के होश उड़ा देते हैं. आइए जानते हैं कि इन खिलाड़ियों की खासियत और टीम इंडिया के खिलाफ इनके आंकड़े.
टीम इंडिया के लिए खतरा बनेंगे यह 5 खिलाड़ी?
1. क्विंटन डी कॉक
पहले 6 ओवरों में तेजी से रन बनाने में माहिर हैं. लंबी पारी खेलने की क्षमता है. टी20 इंटरनेशनल के 106 मैचों में 2 शतक और 19 फिफ्टी के दम पर 3032 रन बना चुके हैं. उनका हाई स्कोर 106 रन है. भारत के खिलाफ डी कॉक तीनों फॉर्मेट में बढ़िया खेले हैं. टेस्ट, टी20 और वनडे के 45 मैचों में उनके नाम 40.40 की औसत से 1980 रन दर्ज हैं, जिनमें 8 शतक और 8 फिफ्टी शामिल हैं. अब एक बार फिर वो भारत के सामने दीवार बनकर खड़े होंगे.
2. एडेन मार्करम
प्रोटियाज टीम के कप्तान हैं. इस एडिशन में ओपनिंग कर रहे हैं. चाहे बात तेज गति से रन बनाने की हो या लंबी पारी खेलने की, ये बैटर हर कला में पारंगत है. खास बात ये है कि वो तूफानी बैटिंग के अलावा अपनी ऑफ-स्पिन के दम पर भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाजों (8 लेफ्टी बैटर्स) के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं. टीम इंडिया के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में यह खिलाड़ी अब तक 46 मैच खेलकर 1250 रन बना चुके हैं, उनके नाम 2 शतक और 4 फिफ्टी दर्ज हैं. ग्रुप स्टेज के चार मैचों में एडेन ने 59.33 की औसत और 187.37 की स्ट्राइक रेट से कुल 178 रन बनाए हैं, जिनमें 24 चौके और 6 छक्के शामिल हैं.
(@ProteasMenCSA) February 18, 2026
3. डेवाल्ड ब्रेविस (बेबी एबी)
दाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज के पास छक्के लगाने की जबरदस्त क्षमता है. साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान और तूफानी खिलाड़ी एबी डिविलियर्स की तरह डेवाल्ड के पास भी ‘360 डिग्री’ शॉट्स खेलने की क्षमता है. यही वजह है कि उन्हें एबी का उत्तराधिकारी माना जाता है. आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू में ही गर्दा उड़ाने वाले इस खिलाड़ी के पास पलक झपकते ही मैच का गियर बदलने की क्षमता है. वो स्पिनर्स के खिलाफ छक्कों की बारिश कर सकते हैं. भारत के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में उनके नाम 7 मैचों में 189 रन दर्ज हैं. अभी बेबी एबी का करियर शुरुआती दौर में है, उन्हें फ्यूचर स्टार माना जा रहा है.
4. कगिसो रबाडा
दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में शुमार हैं. रबाडा के पास रफ्तार और सटीक यॉर्कर है, जिससे वह डेथ ओवर्स में रनों पर अंकुश लगाने और विकेट चटकाने में माहिर हैं. उन्होंने 2015 से लेकर अब तक भारत के खिलाफ तीनों फॉर्मेट के 42 मैचों में कुल 85 विकेट निकाले हैं. रबाडा के पास आईपीएल का अच्छा-खासा अनुभव है. टी20 इंटरनेशनल में वो 76 मैच खेलकर 80 शिकार कर चुके हैं.
5. लुंगी एनगिडी
दाएं हाथ के इस लंबे-चौड़े गेंदबाज को विकेट-टेकर माना जाता है. वो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में अपनी अतिरिक्त उछाल और कटर गेंदों से नई गेंद के साथ भारतीय टॉप-ऑर्डर को मुश्किल में डाल सकते हैं. उनका रिकॉर्ड भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ हमेशा प्रभावशाली रहा है. 2018 से लेकर अब तक उन्होंने भारत के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में 28 मैच खेलकर 62 विकेट निकाले हैं. इस एडिशन में वो तीन मैच खेलकर 8 शिकार कर चुके हैं. सुपर 8 के मुकाबले में वो भारत की हालत खराब करने की क्षमता रखते हैं.
ये भी पढ़ें: T20 World 2026: अब हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा…Super 8 में बारिश की भेंट चढ़ा मुकाबला तो क्या होगा? जानिए ICC का नियम