Last Updated:
India vs South Africa T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में अजेय रही टीम इंडिया को सुपर-8 के अपने पहले ही मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से शिकस्त दी. भारत की बल्लेबाजी इस मुकाबले में पूरी तरह से फ्लॉप रही, जिसका भुगतान टीम को हार से करना पड़ा. मैच में 5 ऐसे खिलाड़ी रहे, जिनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने निराश किया.
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए थे. डेवाल्ड ब्रेविस ने तीन चौके और इतने ही छक्के लगाते हुए 45 रन की पारी खेली. वहीं, डेविड मिलर ने तूफानी बैटिंग करते हुए अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 35 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और तीन छक्के लगाए. अंत में ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों में 44 रन की तेज तर्रार पारी खेलकर साउथ अफ्रीका का स्कोर 180 के पार पहुंचाया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय की शुरुआत ही खराब रही, जिसके बाद टीम उससे उबरने में कामयाब नहीं हो सकी और 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रन पर ही ढेर हो गई. शिवम दुबे एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों को चुनौती दी. उन्होंने 42 रन की पारी खेली. हालांकि, उनकी यह पारी भारत को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी. ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों से सजा टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा. वॉशिंगटन सुंदर और हार्दिक पंड्या ने भी निराश किया, जिससे भारत को टी20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे बड़ी हार मिली.
टीम इंडिया के बड़े मैच विनर हार्दिक पंड्या इस मैच में न तो गेंद से कुछ कर पाए और न ही बल्ले से रन निकले. हार्दिक टीम के सबसे महंगे गेंदबाजों में से एक रहे. उन्होंने 11 की इकॉनमी से रन लुटाए और कोई विकेट भी नहीं लिया. चार ओवर के स्पेल में हार्दिक ने 45 रन दिए. जब टीम को उनके बल्ले से एक मैच विनिंग पारी चाहिए थी तो वहां भी वह फ्लॉप रहे. हार्दिक ने 17 गेंदों में 18 रन बनाए, जिसकी उनसे कोई उम्मीद नहीं कर रहा था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी इस हार के जिम्मेदार रहे. उन्होंने जमकर रन लुटाए. वरुण की साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने जमकर पिटाई की. मिडिल ओवरों में वह विकेट निकालकर विपक्षी टीमों को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकते थे, लेकिन इस मुकाबले में ऐसा नहीं हुआ. वरुण ने चार ओवर में सिर्फ एक ही विकेट लिया और 47 रन लुटा दिए.
टूर्नामेंट में लगातार तीन डक के बाद अभिषेक शर्मा से इस बड़े मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने फिर निराश किया. अभिषेक इस बार खाता तो खोलने में कामयाब रहे, लेकिन एक बड़ी पारी खेलकर टीम को दमदार शुरुआत नहीं दिला सके. खासकर तब जब ईशान किशन और तिलक वर्मा टीम के 5 रन के स्कोर पर आउट हो चुके थे. अभिषेक 12 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए.
ईशान किशन के पहले ओवर में आउट होने के बाद तीन नंबर बल्लेबाजी के लिए आए तिलक वर्मा भी सस्ते में आउट हो गए. तिलक दो गेंदों में एक ही रन बना सके. शुरुआती झटके के बाद तिलक से एक सूझबूझ भरी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह ऐसा करने में कामयाब नहीं रहे. मार्को यानसेन की गेंद पर शॉट मारने के चक्कर में तिलक ने अपना विकेट गंवा दिया. 10 रन के अंदर दो विकेट गिरने से टीम इंडिया दबाव में आ गई.
वॉशिंगटन सुंदर भी इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर पाए. न उनकी फिरकी का जादू चला और बैटिंग आने पर भी वह सस्ते में आउट हो गए. सुंदर ने 11 गेंदों नें 11 रन बनाए. इससे पहले गेंदबाजी करते हुए उन्होंने दो ओवर में 17 रन दिए और एक भी विकेट नहीं लिया. सुंदर को टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल की जगह प्लेइंग-11 में मौका मिला, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से निराश किया. अगले सुपर-8 मैच में उन्हें बाहर किया जाता है तो इसमें कोई हैरानी वाली बात नहीं होगी.