बैंक-एटीएम चोरी प्रयास में 4 आरोपी गिरफ्तार: खरगोन पुलिस ने महंगे शौक पूरे करने वाले बदमाशों को पकड़ा – Khargone News

बैंक-एटीएम चोरी प्रयास में 4 आरोपी गिरफ्तार:  खरगोन पुलिस ने महंगे शौक पूरे करने वाले बदमाशों को पकड़ा – Khargone News




खरगोन जिले के बेड़िया क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा की डुडगांव शाखा और सेल्दा स्थित एटीएम में चोरी के प्रयास के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये वारदातें पांच दिन पहले हुई थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इन वारदातों को अंजाम देने की कोशिश की थी। उनके पास से चार मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक कटर, सब्बल और गैंती बरामद की गई है। 16 फरवरी की रात को आरोपियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा की डुडगांव शाखा में चोरी का प्रयास किया था। अगले दिन सुबह बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। बैंक के शटर के नकुचे टूटे हुए मिले थे और चैनल गेट का ताला भी टूटा पड़ा था। अंदर कैशियर और स्टाफ टेबल के ड्रॉअर खुले थे, हालांकि स्ट्रांग रूम सुरक्षित था और कोई नकदी, फाइल या अन्य सामान चोरी नहीं हुआ था। बेड़िया पुलिस ने इस संबंध में अपराध क्रमांक 39/26, धारा 331(4), 62 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी 24 जनवरी को एनटीपीसी सेल्दा टाउनशिप स्थित एसबीआई एटीएम को गैंती से तोड़कर चोरी का प्रयास भी कर चुके थे। पुलिस टीम ने जांच के दौरान क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जिला साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली। दोनों वारदातों के संदिग्धों की पहचान की गई, जिनमें दिलीप जोगीलाल मुजाल्दे (आरसी), जयराम नवल सोलंकी, अजय गमरसिंह जामन्या और गणेश सुरेंद्र सोलंकी (बासवा, हाल डालची) शामिल हैं। हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ करने पर सभी आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। उन्होंने बताया कि बाइक, महंगे कपड़े और मोबाइल फोन के शौक पूरे करने के लिए उन्होंने चोरी का प्रयास किया था। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। एटीएम चोरी के प्रयास मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।



Source link