खिवनी में अब 13 बाघ: सफारी ट्रैक पर 45 मिनट तक रहा युवराज – Dewas News

खिवनी में अब 13 बाघ:  सफारी ट्रैक पर 45 मिनट तक रहा युवराज – Dewas News




देवास वन मंडल के अंतर्गत खिवनी अभयारण्य में रविवार सुबह करीब 7 बजे पर्यटकों को बाघ युवराज के रोमांचक दीदार हुए। घने जंगल के बीच से अचानक निकलकर युवराज सफारी ट्रैक पर आ गया। उसी दौरान इंदौर-भोपाल से आए पर्यटक जिप्सी से सफारी पर गुजर रहे थे। सामने बाघ को देखकर पर्यटक रोमांच से भर गए। युवराज करीब साढ़े तीन किमी तक ट्रैक पर चलता रहा। इस दौरान पर्यटक भी पूरी सतर्कता के साथ दूरी बनाए रखते हुए जिप्सी से करीब 45 मिनट तक उसका मूवमेंट देखते रहे। कुछ समय बाद बाघ नाले की ओर चला गया। इस दुर्लभ दृश्य को इंदौर के वन्यजीव फोटोग्राफर गौरव शर्मा ने अपने कैमरे में कैद किया, जिसे उन्होंने भास्कर को उपलब्ध कराया।
लगातार बाघ दिखने से बढ़े पर्यटक रेंजर भीमसिंह सिसौदिया ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गश्त के दौरान युवराज दिखा था। वह 25 मिनट तक मूवमेंट करता रहा। अभयारण्य में बाघ युवराज तो कभी बाघिन मीरा तीन शावकों के साथ दिखाई दे रही है, जिससे पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खिवनी अभयारण्य में फिलहाल 13 बाघ हैं, जिनमें पाँच बाघिन, तीन बाघ और दो शावक हैं। इसके अलावा, हाल ही में बाघिन मीरा ने तीन और शावकों को जन्म दिया है। यहाँ करीब 25 तेंदुए भी हैं। इनके अलावा भालू सहित अन्य कई वन्यप्राणी हैं। ऐसे पहुँचें: खिवनी अभयारण्य पहुँचने के दो रास्ते हैं। पहला, देवास से आष्टा व कुसमानिया होते हुए और दूसरा, इंदौर से कन्नौद तथा कुसमानिया होते हुए।



Source link