44 करोड़ से बन रहा 2 किमी लंबा रेलवे ओवरब्रिज, 20 गांव और 5 लाख आबादी को फायदा

44 करोड़ से बन रहा 2 किमी लंबा रेलवे ओवरब्रिज, 20 गांव और 5 लाख आबादी को फायदा


Sagar Railway Bridge Project: बीना बुंदेलखंड का सबसे बड़ा रेलवे जंक्शन माना जाता है. यहां से देश के चारों कोनों के लिए ट्रेनें मिलती हैं. यही नहीं, बीना में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की एकमात्र रिफाइनरी भी है, जहां से कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई होती है.

सागर से बीना तक का 80 किलोमीटर लंबा रास्ता National Highway 934 के नाम से जाना जाता है. यह हाईवे National Highway 44 से भी जुड़ा है और गुना-अशोकनगर को सागर से कनेक्ट करता है.

तीन फाटक और घंटों का जाम
हालांकि रेलवे और सड़क दोनों रास्ते मौजूद हैं, लेकिन सड़क मार्ग से सफर करने वालों को तीन रेलवे क्रॉसिंग पार करनी पड़ती हैं. कई बार फाटक बंद होने पर वाहन चालक एक-एक घंटे तक जाम में फंसे रहते हैं. लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होता है.

जरुआखेड़ा रेलवे फाटक पर ढलान होने के कारण हादसे भी होते रहे हैं. हाल ही में एक ट्रक फाटक तोड़कर पटरी तक पहुंच गया था, जबकि कुछ ही देर में ट्रेन आने वाली थी. बड़ा हादसा टल गया, लेकिन खतरा साफ दिख गया.

44 करोड़ का रेलवे ओवरब्रिज
अब इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा रहा है. जरूआखेड़ा में 44 करोड़ रुपये की लागत से करीब 2 किलोमीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज बन रहा है. लगभग 50% काम पूरा हो चुका है. ब्लैक स्पॉट न बने, इसके लिए पहाड़ काटकर सीधा रास्ता तैयार किया जा रहा है. निर्माण पूरा होने में अभी करीब डेढ़ साल का समय लगेगा.

20 गांव और 5 लाख आबादी को फायदा
इस फाटक के पार करीब 5 लाख की आबादी रहती है, जिन्हें छोटे-बड़े कामों, शिक्षा और सरकारी कामकाज के लिए सागर आना पड़ता है. आसपास के लगभग 20 गांवों को इस ब्रिज से सीधा फायदा मिलेगा. बीना जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने वालों को भी अब फाटक बंद होने का डर नहीं रहेगा. अभी जहां सफर में 3 घंटे लग जाते हैं, वहीं ब्रिज बनने के बाद यह दूरी ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी.

धार्मिक स्थल को भी मिलेगी राहत
यहां प्रसिद्ध ठाकुर बाबा मंदिर भी है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं. ओवरब्रिज बनने के बाद श्रद्धालुओं को भी जाम से राहत मिलेगी. कुल मिलाकर, यह रेलवे ओवरब्रिज न सिर्फ ट्रैफिक की समस्या दूर करेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास में भी बड़ी भूमिका निभाएगा.



Source link