दहशत में 5 महीने गांव से बाहर रहा परिवार: छोटे भाई ने की थी लव मैरिज; लड़की के घरवालों ने JCB जेसीबी से मकान तोड़ा, FIR – Gwalior News

दहशत में 5 महीने गांव से बाहर रहा परिवार:  छोटे भाई ने की थी लव मैरिज; लड़की के घरवालों ने JCB जेसीबी से मकान तोड़ा, FIR – Gwalior News




ग्वालियर में छोटे भाई के प्रेम विवाह की सजा बड़े भाई को मकान तुड़वाकर चुकानी पड़ी। दरअसल, छोटे भाई ने समाज की एक लड़की को भगाकर लव मैरिज की थी। इससे नाराज लड़की के परिजनों ने 9 सितंबर 2025 को लड़के के भाइयों के घर पर जेसीबी से हमला कर दिया। हमलावरों ने तीन कमरों और आंगन पर जेसीबी चलाकर पूरा घर तोड़ दिया। घटना घाटीगांव के घेघोली गांव की है। हमले के दौरान परिवार के लोग जान बचाकर भाग गए। डरे-सहमे परिजन करीब पांच महीने तक इधर-उधर भटकते रहे। अब उनके गांव लौटने पर पुलिस को सूचना मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रेम विवाह की रंजिश में जेसीबी से घर पर हमला ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र स्थित घेघोली गांव निवासी 38 वर्षीय वनिया पुत्र सोबरन सिंह गुर्जर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई रामलखन सिंह गुर्जर ने पास के सिरोली गांव निवासी गिर्राज सिंह गुर्जर की बेटी किरन गुर्जर से भागकर प्रेम विवाह किया था। दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की थी, लेकिन लड़की का पिता गिर्राज गुर्जर इससे नाराज था और पहले भी धमकी दे चुका था। वनिया के अनुसार, 9 सितंबर 2025 की रात करीब 11 बजे वह अपने बड़े भाई माखन सिंह गुर्जर और बहनोई सुघर सिंह के साथ घर पर मौजूद थे। तभी गिर्राज गुर्जर जेसीबी मशीन लेकर सिरोली के भूपेंद्र गुर्जर, सिद्धार्थ गुर्जर और भारत गुर्जर के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उन्होंने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने जेसीबी से तीन कमरों का मकान और आंगन में रखा सामान तोड़ दिया। दहशत में गांव छोड़कर भागे, पांच महीने बाद लौटे तो थाने पहुंचे घटना के बाद वनिया और उनका परिवार दहशत में गांव छोड़कर भाग गए। आरोपी लगातार उनका पीछा कर रहे थे, इसलिए सूचना देने के बावजूद वे थाने नहीं पहुंच पा रहे थे। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ले चुकी थी और परिवार को बुला रही थी, लेकिन भय के कारण वे सामने नहीं आए। करीब पांच महीने बाद पीड़ित परिवार गांव लौटा और पुलिस के पास पहुंचा। इसके बाद घाटीगांव थाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी गिर्राज गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। घाटीगांव थाना पुलिस का कहना है कि घटना पांच महीने पहले की है। फरियादी पक्ष डरा हुआ था और अब थाना आया है। घटना सही थी, इसलिए मामला दर्ज कर लिया गया है।



Source link