बैतूल में बस ऑपरेटर्स 2 मार्च से हड़ताल पर जाएंगे: नई स्टेट कैरेज नीति के विरोध में बैतूल में ज्ञापन दिया – Betul News

बैतूल में बस ऑपरेटर्स 2 मार्च से हड़ताल पर जाएंगे:  नई स्टेट कैरेज नीति के विरोध में बैतूल में ज्ञापन दिया – Betul News




बैतूल जिले के बस संचालक राज्य सरकार की नई स्टेट कैरेज नीति के विरोध में 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को जिला बस यूनियन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। बस संचालकों का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा लाई जा रही नई स्टेट कैरेज नीति निजी बस व्यवसाय को गंभीर रूप से प्रभावित करेगी। इस नीति के तहत स्टेट कैरेज परमिट जारी होने से निजी बस संचालकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। यूनियन से जुड़े विकास आर्य ने बताया कि यह नीति प्रदेश के कुछ बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए लाई गई है। इसके तहत ये उद्योगपति छोटे बस ऑपरेटर्स से बसें लेकर उनका संचालन करेंगे। हालांकि, बसों का परमिट, रोड टैक्स और अन्य सभी प्रक्रियाएं बस ऑपरेटर को ही पूरी करनी होंगी, साथ ही उद्योगपति को एक निश्चित रॉयल्टी भी देनी पड़ेगी। यूनियन का आरोप है कि यह नीति छोटे ऑपरेटर्स को खत्म कर देगी। यूनियन ने सरकार से प्रस्तावित नीति को वापस लेने और निजी बस संचालकों के हितों को सुरक्षित रखने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया, तो 2 मार्च से प्रदेशभर में बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में विकास आर्य, संजू गायत्री, शरद वागदरे, अनिल पोटे, योगेश पोटे और अशोक राठौर सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।



Source link