Last Updated:
Ujjain News: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने डाक विभाग में हो रहे डिजिटलीकरण की तारीफ करते हुए कहा कि आज पोस्ट ऑफिस तेजी से पार्सल डिलीवरी कर रहा है और कई सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ रहा है. अब महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर का लड्डू प्रसाद भी इसी माध्यम से श्रद्धालुओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है.
उज्जैन. विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर का लड्डू प्रसाद देश-दुनिया में प्रसिद्ध है. अब श्रद्धालुओं को एक सौगात मिलने जा रही है. दरअसल उज्जैन में मंगलवार शाम ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) का सम्मेलन आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल हुए. दोनों नेताओं ने डाक विभाग की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभाग लगातार आम जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए काम कर रहा है. इस दौरान एक बड़ी घोषणा भी की गई. अब श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए डाक विभाग श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर का लड्डू प्रसाद पैक कर स्पीड पोस्ट के जरिए देशभर में भेजेगा. इस सुविधा से भक्त घर बैठे ही बाबा के प्रसाद का लाभ ले सकेंगे.
स्पीड पोस्ट से महाकाल का प्रसाद
सीएम यादव ने डाक विभाग में हो रहे डिजिटलीकरण की सराहना करते हुए कहा कि आज पोस्ट ऑफिस तेजी से पार्सल डिलीवरी कर रहा है और कई सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ रहा है. अब महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर का प्रसाद भी इसी माध्यम से श्रद्धालुओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है. यह केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि एक पुण्य कार्य है. उन्होंने कहा कि आज बीमा करवाना हो, बैंक खाता खुलवाना हो, आधार कार्ड बनवाना हो, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो या अपने परिवार तक पैसा और भावनाएं पहुंचानी हों, इन सभी में डाक विभाग की अहम भूमिका है. बिना डाक विभाग के यह सब संभव नहीं है.
डाक विभाग भी बनेगा प्रॉफिट सेंटर
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज डाक विभाग देश की सबसे बड़ी और भरोसेमंद सेवा व्यवस्था बन गया है. अब डाकिया सिर्फ चिट्ठियां नहीं पहुंचाता बल्कि बैंकिंग, बीमा, आधार, पासपोर्ट, म्यूचुअल फंड और पीएम विश्वकर्मा योजना की किट जैसी जरूरी सुविधाएं भी घर-घर तक पहुंचा रहा है. पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक, पोस्ट लाइफ इंश्योरेंस और कई सरकारी सेवाओं के जरिए डाक विभाग आम लोगों के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है. आज देशभर में 1 लाख 65 हजार से ज्यादा डाकघर काम कर रहे हैं और इतनी मजबूत व्यवस्था दुनिया के बहुत कम देशों में देखने को मिलती है. सिंधिया ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि साल 2030 तक डाक विभाग को पूरी तरह से आत्मनिर्भर और प्रॉफिट सेंटर के रूप में विकसित किया जाए.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.