Last Updated:
Baba Budheshwar Maharaj Shringar: उज्जैन के बड़नगर स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में इस वर्ष 1 करोड़ 31 लाख रुपये के नोटों से शिवलिंग का अनोखा श्रृंगार किया गया है. इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. पिछले पांच वर्षों से यहां नोटों से श्रृंगार की परंपरा चल रही है और हर साल राशि बढ़ती जा रही है. महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां 14 दिन तक मेला भी लगता है, जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं. जानिए इस अनोखे श्रृंगार और बढ़ती आस्था की पूरी कहानी.
Ujjain News: धार्मिक नगरी उज्जैन का नाम लेते ही सबसे पहले बाबा महाकाल की छवि सामने आती है. लेकिन महाकाल की नगरी में एक और धाम इन दिनों खास चर्चा में है बड़नगर क्षेत्र में स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर. यहां इन दिनों भगवान शिव के शिवलिंग का ऐसा श्रृंगार किया गया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया.
इस बार बाबा बुद्धेश्वर का श्रृंगार पूरे 1 करोड़ 31 लाख रुपये के नोटों से किया गया है. मंदिर में जैसे ही यह खबर फैली, दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी.
आस्था का अनोखा रूप
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ पैसों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि गहरी श्रद्धा का प्रतीक है. 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों के साथ सिक्कों से भी शिवलिंग को सजाया गया. नोटों से बना यह श्रृंगार देखने में इतना आकर्षक है कि लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं. श्रृंगार करने में करीब 48 घंटे का समय लगा. दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं की टीम ने दिन-रात मेहनत करके यह भव्य रूप तैयार किया.
हर साल बढ़ रही राशि
मेला समिति के अध्यक्ष हुकूमचंद्र गेहलोत बताते हैं कि यहां हर साल महाशिवरात्रि के आसपास विशेष श्रृंगार किया जाता है. साल 2023 में 21 लाख रुपये के नोटों से श्रृंगार हुआ था. 2024 में यह राशि बढ़कर 51 लाख हो गई. 2025 में 1 करोड़ 21 लाख रुपये से बाबा का श्रृंगार किया गया. और अब 2026 में 1 करोड़ 31 लाख रुपये से यह ऐतिहासिक श्रृंगार हुआ है. खास बात यह है कि भक्त जो भी राशि चढ़ाते हैं, आयोजन के बाद उन्हें वापस लौटा दी जाती है.
14 दिन तक चलता है मेला
महाशिवरात्रि से एक दिन पहले यहां मेला शुरू होता है, जो लगातार 14 दिनों तक चलता है. पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहता है. हर दिन बाबा का अलग-अलग रूप में श्रृंगार किया जाता है. ग्रामीण ऐश्वर सिंह सोनगरा बताते हैं कि पिछले पांच सालों से नोटों से श्रृंगार की परंपरा चल रही है और हर साल भक्तों की संख्या बढ़ रही है.
भक्ति का सैलाब
मंदिर परिसर में हर तरफ “हर-हर महादेव” के जयकारे गूंज रहे हैं. श्रद्धालु परिवार के साथ पहुंचकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं. कई लोग इसे जीवन का खास अनुभव बता रहे हैं. बुद्धेश्वर धाम का यह अनोखा श्रृंगार अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. आस्था और विश्वास का यह दृश्य लोगों को भावुक भी कर रहा है और आकर्षित भी.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें